लखनऊ। उत्तर प्रदेश के ट्रायथलॉन खिलाड़ियों ने आईटीएफ मिनी ऑरेंज पैरा, सब जूनियर, जूनियर नेशनल ट्रायथलॉन चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। 50+ आयु वर्ग में प्रणय द्विवेदी ने स्वर्ण, जबकि 35+ आयु वर्ग में अमित सिंह ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रणय द्विवेदी ने 50+ आयु वर्ग में 1 घंटा 36 मिनट 63 सेकंड का समय दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं 35+ आयु वर्ग में अमित सिंह ने 1 घंटा 27 मिनट 01 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
पुणे के श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 14 और 15 अगस्त को आयोजित इस चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने 750 मीटर तैराकी, 20 किलोमीटर साइकिलिंग और 5 किलोमीटर दौड़ पूरी की। कठिन ट्रायथलॉन स्पर्धा में यूपी के दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा।
त्तर प्रदेश के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रदेश के ट्रायथलॉन इतिहास में इससे पहले 1996 में इंदौर में आयोजित सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में श्रीमती सृष्टि धवन ने कांस्य पदक हासिल किया था।
लंबे अंतराल के बाद राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा पदक जीतना प्रदेश में ट्रायथलॉन के विकास और खिलाड़ियों की बढ़ती क्षमता को दर्शाता है।
उत्तर प्रदेश ट्रायथलॉन एसोसिएशन के महासचिव संदीप मिश्रा ने दोनों खिलाड़ियों को शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष जितेंद्र सोनकर ने भी दोनों पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ये भी पढ़ें : आईटीएफ पैरा नेशनल ट्रायथलॉन में यूपी के खिलाड़ी दिखाएंगे दम
उत्तर प्रदेश ट्रायथलॉन एसोसिएशन के सीईओ रविन कपूर ने अमित सिंह और प्रणय द्विवेदी को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता उत्तर प्रदेश में ट्रायथलॉन खेल के विकास के लिए बेहद उत्साहजनक है।
उत्तर प्रदेश ट्रायथलॉन एसोसिएशन की ओर से दोनों पदक विजेताओं को उनकी शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।












