23 साल, अनगिनत संघर्ष और फिर मिली बड़ी कामयाबी, इमरान हाशमी के लिए पत्नी ने लिखा खास नोट

0
57
साभार : गूगल

‘आवारापन 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी धाक जमाते हुए सफलता का तमगा हासिल कर लिया है। यह सफलता एक्‍टर के लिए बेहद अहम है, क्‍योंकि सही मायने में 2008 में ‘जन्‍नत’ के बाद यह उनकी पहली सोलो सुपरहिट फिल्‍म है।

परवीन ने इंस्टाग्राम पर इमरान के लंबे सफर और संघर्ष को याद करते हुए लिखा, ‘एमी को आज यहां तक पहुंचने में 23 साल लगे हैं… 23 साल का सब्र, लगन, भरोसा, समर्पण, अनगिनत दुआएं और प्रार्थनाएं!!’

Parveen Hashmi (@parveen_hashmi)

उन्होंने लिखा, ‘कुछ शुक्रवार ऐसे भी आए जब बहुत खुशी मिली, और कुछ ऐसे भी जब दिल टूटा और निराशा हाथ लगी। लेकिन उन्होंने कभी भी इन चीजों को खुद को आगे बढ़ने से नहीं रोका। वे लगातार कोशिश करते रहे, काम करते रहे और उन्हें यकीन था कि उनकी मेहनत का फल एक दिन जरूर मिलेगा!! इंशाअल्लाह।

मैंने उन्हें अपने सभी प्रोजेक्ट्स में अपना सब कुछ झोंकते हुए देखा है। और अब, जब उन्हें इतनी जबरदस्त कामयाबी और लोगों का इतना प्यार मिल रहा है, तो मेरे आस-पास के लोग अक्सर पूछते हैं, ‘वे अब भी इतने जमीन से जुड़े और शांत कैसे हैं?’

अपने पति के लिए परवीन ने लिखा, ‘यही बात उन्हें सबसे अलग बनाती है!! और शायद इसलिए यह बात – ‘अक्‍खा बॉलीवुड एक तरफ और इमरान हाशमी एक तरफ’ – इंडस्ट्री और उनके फैंस के दिलों में इतनी गहराई तक उतर जाती है।’

Parveen Hashmi (@parveen_hashmi)

परवीन हाशमी ने अपने पोस्‍ट में आगे इमरान हाशमी की मेहनत और लगन को याद करते हुए लिखा है, ‘मैंने हर दिन पर्दे के पीछे की मेहनत देखी है… स्क्रिप्ट पढ़ना, डायलॉग याद करना (कुछ तो तेलुगू में भी!), बंद दरवाजों के पीछे सीन की प्रैक्टिस करना, सही खाना-पीना, एक्सरसाइज करना और अपनी सेहत का ध्यान रखना।

ये कुछ ऐसी चीजें थीं जिन्हें वे हर दिन, पूरी लगन के साथ करते थे। छुट्टियों में भी उनका रूटीन कभी नहीं टूटता था!! यह बात हम सब बहुत अच्छी तरह जानते हैं।’ परवीन ने पोस्‍ट में ढेर सारी दिल वाली इमोजी, कुछ मजाकिया इमोजी का इसतेमाल किया है।

वह पोस्‍ट के आख‍िर में इमोशनल अंदाज में गर्व से कहती हैं, ‘और आज, उन्हें मिल रहे इतने प्यार और रिस्पॉन्स को देखकर, मैं इस दिन के लिए बहुत शुक्रगुजार और आभारी महसूस कर रही हूं… वे सच में इसके हकदार हैं!! और यह बात कोई ऐसा कह रहा है जो शायद उनका सबसे बड़ा आलोचक रहा है। आज मुझे उन पर बहुत गर्व हो रहा है। कितना खूबसूरत पल है यह!!! तो दोस्तों, अपने सपनों को कभी मत छोड़ना। फोकस्ड रहो, अनुशासित रहो, बस बिग पिक्‍चर पर नजर रखो और इस सफर का मजा लो।’

Parveen Hashmi (@parveen_hashmi)

परवीन हाशमी के इस पोस्‍ट को पढ़कर फैंस इमोशनल हो रहे हैं। एक ने लिखा है, ‘आप बहुत लकी हैं कि आपको ऐसा सोने के दिल वाला पति मिला है।’ दूसरे यूजर ने लिखा है, ‘इमरान बहुत लकी हैं कि उनको आप जैसी, हर संघर्ष में साथ देने वाली पार्टनर मिली है।’

तीसरे यूजर ने लिखा है, ‘यह आप दोनों की ही मेहनत, सब्र और संघर्ष का फल है। भगवान आप दोनों को हमेशा खुश रखे।’ चौथे यूजर ने लिखा है, ‘शायद पिछले कुछ समय में मेरे लिए यह इंटरनेट पर पढ़ा गया सबसे इमोशनल पोस्‍ट है। मेरी आंख भर आई।’

इमरान हाशमी ने करीब साढ़े छह साल डेटिंग के बाद दिसंबर 2006 में परवीन साहनी से इस्लामिक रीति-रिवाज से शादी की। इस कपल का एक बेटा अयान हाशमी है, जिसका जन्म 3 फरवरी 2010 को हुआ था।

इमरान और परवीन की जिंदगी में 15 जनवरी 2014 को वह दिन भी आया, जब अयान को पहले स्टेज का कैंसर होने का पता चला। कैंसर से एक लंबी लड़ाई के बाद जनवरी 2019 में अयान को कैंसर-मुक्त घोषित कर दिया गया।

इमरान हाशमी और परवीन अलग-अलग धर्म से हैं। इमरान मुस्‍ल‍िम हैं और परवीन सिंधी हिंदू। लेकिन उनके घर में दोनों धर्मों को बराबर सम्‍मान मिलता है। पूजा भी होती है और नमाज भी अदा की जाती है। खुद इमरान हाशमी के पिता मुस्लिम हैं और उनकी मां ईसाई थीं। धर्म को लेकर इमरान हाशमी कहते हैं, ‘मैं ईश्वर में बहुत विश्‍वास करता हूं। उनके सभी रूप में, सभी का सम्‍मान करता हूं।’

इमरान हाशमी की मां माहेराह हाशमी का 11 मार्च 2016 को निधन हो गया। मां के निधन की खबर उन्‍हें तब मिली, जब वह ‘अज़हर’ फिल्‍म की शूटिंग कर रहे थे। ऐसे में वह शूट छोड़कर मां को आख‍िरी विदाई देने पहुंचे थे।

हालांकि, शूटिंग में और देरी नहीं हो, इसलिए जल्द ही सेट पर लौट आए। साल 2016 में ही इमरान हाशमी ने अपनी बायोग्राफी ‘द किस ऑफ लाइफ’ लॉन्च की, जिसमें उन्‍होंने कैंसर के खिलाफ बेटे की लड़ाई की पूरी आपबीती बयां की।

ये भी पढ़े : ‘आवारापन 2’ की सक्सेस के बाद विशेष भट्ट का बड़ा ऐलान, बनेगी ‘जन्नत 3’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here