लखनऊ। राजधानी में शिक्षा, करियर और वैश्विक अवसरों को लेकर विद्यार्थियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से विदेशी शिक्षा परामर्श संस्था माय मेंटर ने अपना वार्षिक कॉन्क्लेव ‘उड़ान 2026’ आयोजित किया।
गोमती नगर स्थित हयात रीजेंसी में आयोजित कार्यक्रम में विदेश में उच्च शिक्षा के लिए जाने वाले विद्यार्थियों को प्री-डिपार्चर ब्रीफिंग दी गई, वहीं शिक्षा और समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक शिक्षाविदों एवं प्रतिष्ठित हस्तियों को ‘गुरु द्रोणाचार्य अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक योजना, सही समय पर उचित मार्गदर्शन और वैश्विक स्तर पर उपलब्ध अवसरों की जानकारी को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने विद्यार्थियों को विदेश में उच्च शिक्षा के दौरान मिलने वाले अवसरों का बेहतर उपयोग करने के लिए योजनाबद्ध तैयारी करने की सलाह दी। साथ ही माय मेंटर के सह-संस्थापक अनूप अग्रवाल और जया अग्रवाल के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में बरेली कैंट विधायक संजीव अग्रवाल तथा लखनऊ फिल्म फोरम की संस्थापक एवं अध्यक्ष रेनुका टंडन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
50 से अधिक शिक्षाविदों को मिला सम्मान
‘गुरु द्रोणाचार्य अवॉर्ड 2026’ के तहत प्रदेश के विभिन्न स्कूलों और शिक्षण संस्थानों से जुड़े शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में दिल्ली पब्लिक स्कूल एल्डेको की प्रिंसिपल गुंजन साहनी, कुन्वर ग्लोबल स्कूल के प्रिंसिपल सुशांत श्रीवास्तव, जागरण पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल रुद्रेंद्र बसाक, सेंट्रल अकादमी के प्रिंसिपल धीरेंद्र प्रताप सिंह,
एसआर ग्लोबल स्कूल की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मोनिका तिवारी, द मिलेनियम स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. मंजुला गोस्वामी, एलनहाउस पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल मनीषा अंथवाल, एमआर जयपुरिया स्कूल की वाइस प्रिंसिपल निशि प्रसाद और एमिटी इंटरनेशनल स्कूल की प्रिंसिपल रचना मिश्रा प्रमुख रहीं।
इसके अलावा एमिटी यूनिवर्सिटी, नेशनल पीजी कॉलेज, आईएचएम लखनऊ, इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, आईआईआईटी लखनऊ और लखनऊ विश्वविद्यालय सहित विभिन्न प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों से जुड़े शिक्षाविदों को भी सम्मानित किया गया।
विदेश जाने वाले विद्यार्थियों को मिली जरूरी जानकारी
कॉन्क्लेव में विदेश में उच्च शिक्षा के लिए चयनित विद्यार्थियों के लिए विशेष प्री-डिपार्चर ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को विदेश रवाना होने से पहले आवश्यक तैयारियों, शैक्षणिक योजना और नई शैक्षणिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के लिए खुद को तैयार करने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
ये भी पढ़ें : संवैधानिक तरीकों से ही सामाजिक और आर्थिक बदलाव संभव: राजनाथ
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विदेश में उच्च शिक्षा की यात्रा के लिए आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश उपलब्ध कराने के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षाविदों को सम्मानित कर नई पीढ़ी को प्रेरित करना रहा।
माय मेंटर के सह-संस्थापक अनूप अग्रवाल और जया अग्रवाल के साथ कार्यक्रम में प्रभात अग्रवाल, नवल मिश्रा, अमित सिंघानिया, शिशिर जिंदल, राहुल दत्त, मारवाड़ी युवा मंच के प्रामेश मित्तल, डॉ. सुयश और अनिल सच्चर सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।













