हैदराबाद। स्थानीय दावेदार 19 वर्षीय विशेष शर्मा ने दबाव भरे अंतिम राउंड में संयम का शानदार परिचय देते हुए हैदराबाद गोल्फ एसोसिएशन (एचजीए) में आयोजित एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले तेलंगाना गोलकोंडा मास्टर्स का खिताब अपने नाम कर लिया। यह विशेष के पेशेवर करियर की पहली जीत है।
12वें संस्करण में उन्होंने अंतिम राउंड में एक-अंडर 69 का स्कोर किया और 21-अंडर 259 के कुल स्कोर के साथ खिताब जीता। उन्होंने नोएडा के अमरदीप मलिक को एक शॉट से पीछे छोड़ा। डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर अपना दूसरा सत्र खेल रहे विशेष ने चार राउंड में 60, 66, 64 और 69 का स्कोर किया।
तेलंगाना गोलकोंडा मास्टर्स
इस जीत के लिए उन्हें 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली। इसके साथ ही वह 2026 ऑर्डर ऑफ मेरिट में 25वें से 14वें स्थान पर पहुंच गए। उनकी सत्र की कमाई बढ़कर 30,93,550 रुपये हो गई और उन्होंने डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
मलिक ने दी कड़ी चुनौती
नोएडा के अमरदीप मलिक ने अंतिम राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार-अंडर 66 का स्कोर बनाया, लेकिन 20-अंडर 260 के कुल स्कोर के साथ एक शॉट पीछे रहते हुए उपविजेता रहे।
उनके अंतिम राउंड में पार-5 छठे होल पर ईगल के अलावा छह बर्डी और दो बोगी शामिल रहीं। मलिक को 10 लाख रुपये मिले। वह ऑर्डर ऑफ मेरिट में 22वें से 19वें स्थान पर पहुंच गए, जबकि उनकी सत्र की कमाई 27,75,748 रुपये हो गई।
चंडीगढ़ के अक्षय शर्मा ने अंतिम राउंड का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने 10-अंडर 60 का स्कोर कर कोर्स रिकॉर्ड की बराबरी की। उनके राउंड में एक ईगल, 10 बर्डी और दो बोगी शामिल रहीं।
तीसरे से छठे होल तक उन्होंने लगातार चार बर्डी बनाई। अक्षय 19-अंडर 261 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर रहे। दिल्ली के हनी बैसोया ने भी 19-अंडर 261 का स्कोर कर संयुक्त तीसरा स्थान हासिल किया।
बैसोया ने अंतिम राउंड में सात बर्डी और दो बोगी की मदद से पांच-अंडर 65 का स्कोर किया। उन्हें 5,49,800 रुपये मिले और वह 57,21,892 रुपये की कुल कमाई के साथ सत्र की रैंकिंग में तीसरे स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत करने में सफल रहे।
डबल बोगी के बाद लगातार दो बर्डी से वापसी
विशेष ने अंतिम राउंड की शुरुआत चार शॉट की बढ़त के साथ की थी, लेकिन उन्हें जीत के लिए आखिरी तक कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा।
उनके 69 के राउंड में सात बर्डी के साथ चार बोगी और एक डबल बोगी शामिल रही। पार-4 13वें होल पर डबल बोगी के बाद उनकी बढ़त खतरे में पड़ गई थी, लेकिन उन्होंने 14वें और 15वें होल पर लगातार बर्डी बनाकर मुकाबले पर फिर नियंत्रण हासिल कर लिया।
विशेष ने कहा, “मैं बेहद खुश हूं। अभी भी पूरी तरह विश्वास नहीं हो रहा है। 19 साल की उम्र में अपना पहला पेशेवर खिताब जीतना और वह भी घरेलू कोर्स पर, इस जीत को बेहद खास बनाता है।”
13वें होल की डबल बोगी के बारे में उन्होंने कहा कि दबाव में उनसे खराब शॉट लगा और इसके बाद उन्होंने ऐसा रिकवरी शॉट खेलने की कोशिश की, जिसकी वहां गुंजाइश नहीं थी। हालांकि अगले दो होल में मिली बर्डी ने उन्हें बढ़त बनाए रखने में मदद की। 18वें होल पर लंबे लैग पुट ने भी जीत पक्की करने में अहम भूमिका निभाई।
33वें टूर्नामेंट में मिली पहली जीत
पिछले सत्र में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई से जुड़ने के बाद विशेष ने अपने 33वें टूर्नामेंट में पहला खिताब जीता। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अप्रैल में बॉल्डर्स क्लासिक में छठा स्थान रहा था।
विशेष ने इस जीत के बाद अपने माता-पिता, बहन और कोच संजय सिंह के साथ एचजीए, बॉल्डर्स हिल्स, डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई स्टाफ, ग्रीनकीपिंग टीम, प्रायोजकों और इवेंट पार्टनर्स का आभार जताया। उन्होंने अंतिम राउंड में समर्थन के लिए क्लब के सदस्यों, दोस्तों और स्थानीय दर्शकों को भी धन्यवाद दिया।
विशेष के लिए यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि उनकी गोल्फ यात्रा से इसका सीधा जुड़ाव है। वर्ष 2021 में उन्होंने एचजीए में एक जूनियर खिलाड़ी के रूप में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई टूर्नामेंट देखा था। तब यहां पेशेवर खिलाड़ियों को खेलते देखने वाले विशेष ने अब उसी कोर्स पर अपना पहला पेशेवर खिताब जीत लिया।
उन्होंने कहा, “जूनियर के रूप में यहां पेशेवर खिलाड़ियों को देखने, फिर इसी कोर्स पर प्रतिस्पर्धा करने और अब खिताब जीतने की भावना को शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है।”
अंगद चीमा पांचवें, अजीतेश छठे स्थान पर
चंडीगढ़ के अंगद चीमा 15-अंडर 265 के स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर रहे। चंडीगढ़ के ही अजीतेश संधू ने 14-अंडर 266 के साथ छठा स्थान हासिल किया। दिल्ली के राशिद खान और क्षितिज नवीन कौल 13-अंडर 267 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त सातवें स्थान पर रहे।
गत चैंपियन बांग्लादेश के जमाल हुसैन दो-अंडर 278 के स्कोर के साथ संयुक्त 30वें स्थान पर रहे। उनके अंतिम राउंड में पार-3 तीसरे होल पर होल-इन-वन भी शामिल रहा।
यह पूरे सप्ताह का चौथा ऐस था। इससे पहले दूसरे राउंड में अभिनव लोहान और अंशुल कबथियाल ने पार-3 11वें होल पर होल-इन-वन किया था, जबकि हरमन सचदेवा ने पार-3 सातवें होल पर ऐस लगाया था।
सप्तक तलवार की बढ़त बरकरार
मौजूदा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई रैंकिंग लीडर सप्तक तलवार ने 11-अंडर 269 के स्कोर के साथ अकेले 11वां स्थान हासिल किया। उन्होंने 1,84,700 रुपये अर्जित किए और ऑर्डर ऑफ मेरिट में अपनी बढ़त और मजबूत की। इस सत्र में उनकी कुल कमाई अब 89,32,384 रुपये हो गई है।
डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के लिए अहम है रैंकिंग
रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के जरिए डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के नंबर एक खिलाड़ी का फैसला होगा। साथ ही ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष 24 स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी सत्र के अंतिम टूर्नामेंट डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में जगह बनाएंगे।
ये भी पढ़ें : विशेष शर्मा और अमरदीप मलिक संयुक्त बढ़त पर, खिताब की दौड़ रोमांचक













