शुभांकर शर्मा की दो शॉट की बढ़त बरकरार, अंतिम राउंड में खिताब पर नजर

0
52

ग्रेटर नोएडा। चंडीगढ़ के शुभांकर शर्मा ने विश्व समुद्र प्रेजेंट्स कपिल देव इनविटेशनल टूर चैंपियनशिप पावर्ड बाय नालको के तीसरे राउंड में इवन-पार 72 का स्कोर बनाया।

इसके बावजूद वह दो करोड़ रुपये की इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट में अपनी बढ़त बरकरार रखने में सफल रहे। जेपी ग्रीन्स गोल्फ एंड स्पा रिजॉर्ट में खेले जा रहे टूर्नामेंट में शुभांकर का तीन राउंड के बाद कुल स्कोर 11-अंडर 205 है। अब उनकी नजरें शनिवार को होने वाले अंतिम राउंड में खिताब जीतने पर होंगी।

30 वर्षीय शुभांकर (68-65-72) ने तीसरे राउंड की शुरुआत चार शॉट की बढ़त के साथ की थी। उन्होंने पांच बर्डी लगाईं, लेकिन तीन बोगी और एक डबल बोगी के कारण वह इवन-पार 72 का स्कोर ही बना सके।

मनोज और ऑर्टोलानी संयुक्त दूसरे स्थान पर

बेंगलुरु के मनोज एस (70-71-66) और इटली के मिशेल ऑर्टोलानी (72-70-65) नौ-अंडर 207 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं। मनोज ने छह बर्डी लगाईं और कोई बोगी नहीं की। उनका 66 का स्कोर उन्हें छठे स्थान से संयुक्त दूसरे स्थान पर ले आया।

इटली के ऑर्टोलानी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए बोगी-मुक्त सात-अंडर 65 का स्कोर बनाया। यह दिन के सर्वश्रेष्ठ स्कोरों में शामिल रहा। वह सातवें स्थान से छलांग लगाकर संयुक्त दूसरे स्थान पर पहुंच गए।

पिछले वर्ष के डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट विजेता चंडीगढ़ के युवराज संधू (71-69-69) ने तीन-अंडर 69 का कार्ड खेला। उनका कुल स्कोर सात-अंडर 209 है और वह चौथे स्थान पर बने हुए हैं।

शुरुआत शानदार, अंतिम होल पर गंवाए शॉट

शुभांकर ने फ्रंट नाइन पर चार बर्डी लगाकर अच्छी शुरुआत की। उन्होंने 10वें होल पर भी बर्डी बनाई, लेकिन बैक नाइन में लय बरकरार नहीं रख सके। अंतिम चरण में तीन बोगी और एक डबल बोगी के कारण उनकी चार शॉट की बढ़त घटकर दो शॉट रह गई।

शुभांकर ने कहा कि यह उतार-चढ़ाव भरा दिन रहा। उन्होंने फ्रंट नाइन पर दूसरे, चौथे और सातवें होल सहित चार बर्डी लगाईं और 10वें होल पर एक और बर्डी बनाई। हालांकि, बैक नाइन में कुछ मौके गंवाने और कई शॉट ड्रॉप करने से वह निराश हैं।

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद उनका खेल अच्छा रहा है और अंतिम राउंड के लिए कई सकारात्मक पहलू हैं। वह तीसरे राउंड के फ्रंट नाइन वाली लय को अंतिम राउंड के सभी 18 होल में बनाए रखने की कोशिश करेंगे।

खलिन जोशी और ब्रशवरपाल संयुक्त पांचवें स्थान पर

चंडीगढ़ के ब्रशवरपाल सिंह (72-65-73) और बेंगलुरु के खलिन जोशी (72-67-71) छह-अंडर 210 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर हैं। इस सत्र में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर चार खिताब जीत चुके खलिन ने रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में दूसरे स्थान पर रहने के बाद इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया है।

ये भी पढ़ें : शुभांकर शर्मा ने 65 के साथ बनाई चार शॉट की बढ़त

रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में शीर्ष पर चल रहे सप्तक तलवार (75-72-72) तीन-ओवर 219 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 25वें स्थान पर पहुंच गए। तीसरे राउंड से पहले वह संयुक्त 31वें स्थान पर थे।

प्रो-एम में तपेंद्र घई की टीम विजेता

शुक्रवार को आयोजित प्रो-एम प्रतियोगिता में पेशेवर गोल्फर तपेंद्र घई और एमेच्योर प्रेम दुग्गल की टीम ने जीत दर्ज की। विजेता टीम ने कुल 48 स्टेबलफोर्ड अंक हासिल किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here