लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवा टेनिस खिलाड़ी मान केशरवानी ने नई दिल्ली में आयोजित 31वीं फेनेस्टा ओपन नेशनल टेनिस चैंपियनशिप का पुरुष सिंगल्स खिताब जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। छठी वरीयता प्राप्त मान ने फाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त नितिन सिन्हा को 6-0, 6-4 से हराया; यह उनका पहला फेनेस्टा ओपन खिताब है।
इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन (यूपीटीए) के अध्यक्ष नवनीत सहगल और सचिव पुनीत अग्रवाल ने मान केसरवानी को हार्दिक बधाई दी है। यूपीटीए ने घोषणा की है कि मान के लखनऊ आने पर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा।
ये भी पढ़ें : फेनेस्टा ओपन : यूपी के मान केशरवानी ने जीती पुरुष एकल की विजेता ट्रॉफी
अध्यक्ष नवनीत सहगल ने कहा, “मान ने हमारे प्रदेश और यूपीटीए का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर हमें अत्यंत गर्व है। पिछले कई वर्षों से टेनिस के विकास के लिए यूपीटीए द्वारा किए जा रहे प्रयासों का अब परिणाम सामने आने लगा है।”
ये भी पढ़ें : वैदेही की नजर तीसरे खिताब पर, मनीष करेंगे फेनेस्टा ओपन खिताब का बचाव
यूपीटीए सचिव पुनीत अग्रवाल ने कहा, “मान के लखनऊ आने पर यूपीटीए उनका सम्मान करेगा। उनकी यह जीत प्रदेश की युवा टेनिस प्रतिभाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है। एसोसिएशन अब ग्रासरूट स्तर पर खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए बड़ी योजनाओं पर विचार कर रहा है।”
मान केशरवानी की यह जीत यूपी टेनिस के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यूपीटीए ने उम्मीद जताई है कि इस उपलब्धि से प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ी भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित होंगे।













