गोवा के खिलाफ उत्तर प्रदेश की कुल बढ़त 140 रन, जुयाल ने संभाला मोर्चा

0
32
Aryan Juyal/Instagram

हाईलाइट्स

  • कप्तान आर्यन जुयाल ने जड़ा नाबाद अर्धशतक 
  • जीशान अंसारी ने पांच विकेट लेकर गोवा की पहली पारी 164 रन पर समेटी
  • दूसरी पारी में यूपी के चार विकेट गिरे

कानपुर। उत्तर प्रदेश ने कप्तान आर्यन जुयाल के नाबाद अर्धशतक की मदद से रणजी ट्रॉफी ग्रुप-ए मुकाबले के दूसरे दिन सोमवार को गोवा के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली।

पहली पारी में 38 रन की बढ़त हासिल करने वाले उत्तर प्रदेश ने दिन का खेल समाप्त होने तक दूसरी पारी में चार विकेट पर 102 रन बना लिए। इससे उसकी कुल बढ़त 140 रन हो गई। जुयाल 113 गेंदों पर 60 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं, जबकि कार्तिक यादव एक रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।

इससे पहले उत्तर प्रदेश ने अपनी पहली पारी में 202 रन बनाए थे। इसके जवाब में गोवा की टीम दूसरे दिन सुबह बिना किसी नुकसान के 43 रन से आगे खेलने उतरी, लेकिन उत्तर प्रदेश के लेग स्पिनर जीशान अंसारी की शानदार गेंदबाजी के सामने उसकी पारी 164 रन पर सिमट गई।

अंसारी ने 45 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। कार्तिक यादव और वंश चौधरी ने भी दो-दो विकेट लेकर गोवा की पारी समेटने में योगदान दिया।

गोवा की ओर से शिवेंद्र भुजबल ने 98 गेंदों पर 44 रन बनाकर सर्वाधिक स्कोर किया। यश कसवांकर ने 36 और कप्तान अभिनव तेजराना ने 26 रन बनाए। हालांकि, नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण गोवा की टीम उत्तर प्रदेश की पहली पारी के स्कोर तक नहीं पहुंच सकी और उसे 38 रन की बढ़त गंवानी पड़ी।

ये भी पढ़ें

दूसरी पारी में उत्तर प्रदेश की शुरुआत बेहद खराब रही। यश कसवांकर ने पारी के पहले ही ओवर में अभिषेक गोस्वामी और माधव कौशिक को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। इससे उत्तर प्रदेश का स्कोर एक रन पर दो विकेट हो गया।

मुश्किल में घिरी टीम को कप्तान आर्यन जुयाल और करण शर्मा ने संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी कर पारी को स्थिरता दी। करण शर्मा ने 31 रन बनाए, लेकिन उन्हें दर्शन मिसाल ने आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया।

ये भी पढ़ें : एशियन पैरा गेम्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे प्रेम कुमार आले और अबू हुबैदा

इसके बाद जीशान अंसारी तीन रन बनाकर अभिनव तेजराना की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। हालांकि, जुयाल ने एक छोर संभाले रखा और संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। दिन का खेल समाप्त होने तक वह 60 रन बनाकर नाबाद थे।

गोवा की ओर से यश कसवांकर ने दो विकेट लिए, जबकि दर्शन मिसाल और अभिनव तेजराना को एक-एक सफलता मिली। तीसरे दिन उत्तर प्रदेश की कोशिश अपनी बढ़त को और मजबूत करने की होगी, जबकि गोवा के गेंदबाज जल्द विकेट लेकर मुकाबले में वापसी करना चाहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here