एशियन पैरा गेम्स : कोकिला ने जीता रजत, कपिल परमार ने जीता कांस्य पदक

0
31

नागोया (जापान)। एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय दृष्टिबाधित जूडो खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले दिन एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया।

महिला वर्ग में हरियाणा की कोकिला ने रजत पदक हासिल किया, जबकि मध्य प्रदेश के कपिल परमार ने पुरुष वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ी लखनऊ के हजरतगंज स्थित हलवासिया कोर्ट की इंडियन पैरा जूडो अकादमी में मुनव्वर अंज़ार अली सिद्दीकी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेते हैं।

प्रतियोगिता के पहले दिन कोकिला ने महिलाओं के 52 किलोग्राम से कम भार वर्ग में दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में चीन की लियू यी को हराकर फाइनल में जगह बनाई।

हालांकि, खिताबी मुकाबले में उन्हें विश्व की नंबर एक खिलाड़ी किर्गिस्तान की उलानबेक क्यजी आइबिके के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस तरह कोकिला को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

वहीं, पुरुषों के 70 किलोग्राम से कम भार वर्ग में कपिल परमार ने कांस्य पदक जीतकर भारत की पदक तालिका में एक और उपलब्धि जोड़ी।

उन्होंने क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया के बातारसुरेन बात-एर को हराया, लेकिन सेमीफाइनल में इंडोनेशिया के जुनेदी से हार गए। इसके बाद कांस्य पदक के लिए रेपेचेज मुकाबले में कपिल ने इंडोनेशिया के शिदकी रफली अहनाफ को शिकस्त देकर तीसरा स्थान हासिल किया।

हांगझोऊ एशियन पैरा गेम्स में भी दिखाया था दम

कोकिला और कपिल इससे पहले भी एशियन पैरा गेम्स में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं। हांगझोऊ एशियन पैरा गेम्स में कपिल ने रजत, जबकि कोकिला ने कांस्य पदक जीता था। इस बार दोनों खिलाड़ियों ने अपने पदकों का रंग बदलते हुए एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व प्रभावी ढंग से किया।

नागोया में आयोजित इन खेलों की जूडो प्रतियोगिता में 17 देशों के करीब 170 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के बीच हो रही इस स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धि देश में पैरा जूडो के लिए उत्साह बढ़ाने वाली है।

भारतीय ब्लाइंड एंड पैरा जूडो एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुधीर हलवासिया ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि की जानकारी दी।

ये भी पढ़ें : एशियन पैरा गेम्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे प्रेम कुमार आले और अबू हुबैदा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here