भारतीय टी20 खिलाड़ी रिंकू सिंह इन दिनों इंटरनेशनल टीम से बाहर हैं लेकिन रणजी ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश के लिए उनका जलवा जारी है। रिंकू सिंह ने लगातार दूसरे मैच में रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले लेग में शतक लगाया और गोवा के खिलाफ मुकाबले में जीत के हीरो भी बने।
रिंकू को इस जीत के बाद प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया है। यूपी ने गोवा को इस मैच में 68 रन से हराया। रिंकू सिंह ने इस मुकाबले में पहली पारी में 118 रन बनाए थे और दूसरी पारी में 23 गेंद पर तेज तर्रार 24 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने दूसरी पारी में गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में 3 रन दिए और प्लेयर ऑफ द मैच बन गए।
वहीं कार्तिक यादव ने दूसरी पारी में 5 विकेट लेते हुए यूपी को बेहतरीन जीत दिलाई। इस मुकाबले में पहले खेलते हुए यूपी ने 202 रन बनाए थे। रिंकू सिंह ने 118 रन की पारी खेली थी। उसके बाद गोवा पहली पारी में 164 रन बनाकर सिमट गई थी। जीशान अंसारी ने पांच विकेट झटके थे।
38 रन की बढ़त के साथ दूसरी पारी में यूपी ने 197 रन बनाए और गोवा के सामने 236 रन का लक्ष्य रखा। गोवा दूसरी पारी में भी 167 रन पर सिमट गई। कार्तिक यादव ने दूसरी पारी में पांच और वंश चौधरी ने 3 विकेट झटके। उत्तर प्रदेश का तीसरा मैच अब 26 अक्टूबर से पुडुचेरी के खिलाफ होगा।
एलीट ग्रुप ए के पहले मैच में उत्तर प्रदेश ने बिहार को पारी और 267 रन से हराया था। अब दूसरे मैच में जीत के बाद यूपी अपने ग्रुप में 13 अंक के साथ टॉप पर है। वहीं बड़ौदा की टीम पहले मैच में गोवा और अब बिहार को हराते हुए 13 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है।
इसी ग्रुप में पूर्व चैंपियन विदर्भ ने पुडुचेरी और जम्मू कश्मीर को हराकर 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर अंकतालिका में जगह बनाई।













