हाईलाइट्स
- गोवा को 68 रन से हराकर शीर्ष पर किया कब्जा
- लगातार दूसरे मैच में जड़ा शतक, कार्तिक यादव ने झटके पांच विकेट
- 13 अंकों के साथ एलीट ग्रुप-ए में शीर्ष पर पहुंचा उत्तर प्रदेश
लखनऊ। भारतीय टी20 टीम से बाहर चल रहे रिंकू सिंह ने घरेलू क्रिकेट में अपने बल्ले की धमक बरकरार रखते हुए रणजी ट्रॉफी 2026-27 में लगातार दूसरे मुकाबले में शतक जड़ दिया।
उनकी शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत उत्तर प्रदेश ने गोवा को 68 रन से हराकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस शानदार प्रदर्शन के लिए रिंकू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यूपी की इस जीत में कार्तिक यादव ने दूसरी पारी में पांच विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई।
गोवा के खिलाफ मुकाबले में रिंकू सिंह ने पहली पारी में 118 रन की शानदार पारी खेलकर उत्तर प्रदेश को संभाला। इसके बाद दूसरी पारी में भी उन्होंने आक्रामक अंदाज दिखाते हुए महज 23 गेंदों पर 24 रन बनाए।
बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी उन्होंने योगदान दिया और दूसरी पारी में दो ओवर में केवल तीन रन दिए। उनके हरफनमौला प्रदर्शन ने उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बना दिया।
पहली पारी में मिली बढ़त, दूसरी पारी में गेंदबाजों ने बरपाया कहर
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश की टीम पहली पारी में 202 रन पर सिमट गई। रिंकू सिंह ने 118 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में गोवा की पहली पारी 164 रन पर समाप्त हुई। यूपी की ओर से जीशान अंसारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके और टीम को 38 रन की महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई।
दूसरी पारी में उत्तर प्रदेश ने 197 रन बनाए और गोवा के सामने जीत के लिए 236 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोवा की टीम यूपी के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सकी और दूसरी पारी में 167 रन पर ढेर हो गई।
कार्तिक यादव ने पांच विकेट लेकर गोवा की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, जबकि वंश चौधरी ने तीन विकेट चटकाकर जीत पर मुहर लगाने में अहम योगदान दिया।
13 अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष पर यूपी
रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-ए में उत्तर प्रदेश ने अपने अभियान की शुरुआत बिहार के खिलाफ पारी और 267 रन की बड़ी जीत के साथ की थी। गोवा के खिलाफ दूसरी जीत के बाद टीम के खाते में 13 अंक हो गए हैं और वह अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है।
बड़ौदा की टीम भी 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। उसने पहले मुकाबले में गोवा और दूसरे मैच में बिहार को हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। वहीं, पूर्व चैंपियन विदर्भ ने पुडुचेरी और जम्मू-कश्मीर को हराकर 12 अंक जुटाए हैं और अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है।
उत्तर प्रदेश की टीम अब अपने तीसरे मुकाबले में 26 अक्टूबर से पुडुचेरी के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। रिंकू सिंह की लगातार दूसरे मैच में शतकीय पारी और गेंदबाजों के प्रभावशाली प्रदर्शन ने टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया है। अब यूपी की निगाहें जीत की इस लय को बरकरार रखते हुए ग्रुप में अपनी स्थिति और मजबूत करने पर होंगी।
ये भी पढ़ें : गोवा के खिलाफ उत्तर प्रदेश की कुल बढ़त 140 रन, जुयाल ने संभाला मोर्चा













