दिवाली से पहले जोन-7 के तीन वार्डों को मिलेगी सीवर समस्या से राहत

0
53

लखनऊ। दिवाली से पहले नगर निगम के जोन-7 के तीन वार्डों लाल बहादुर शास्त्री प्रथम, इंदिरा नगर और मैथिलीशरण गुप्त के निवासियों को सीवर संबंधी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।

साईं मंदिर के पास करीब 50 साल पुरानी क्षतिग्रस्त सीवर लाइन को बदलकर नई पाइपलाइन डालने का काम पूरा कर लिया गया है। इसके चालू होने से क्षेत्र के 1,200 से अधिक घरों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

1200 घरों के लिए बिछाई गई नई पाइपलाइन

वन सिटी वन ऑपरेटर परियोजना के तहत सीवर नेटवर्क के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी संभाल रही संस्था सुएज की टीम ने यह कार्य पूरा किया है।

करीब छह मीटर की गहराई में 600 एमएम व्यास की नई सीवर पाइपलाइन डाली गई है। काम के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया और इंजीनियरों की निगरानी में पाइपलाइन बिछाई गई।

पुरानी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से बढ़ी थी परेशानी

संबंधित क्षेत्र में करीब 50 साल पहले आवास विकास विभाग की ओर से सीवर लाइन बिछाई गई थी। लंबे समय तक इस्तेमाल के कारण पाइपलाइन कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे स्थानीय निवासियों को सीवर संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। समस्या के समाधान के लिए पुरानी लाइन को बदलकर नई पाइपलाइन डाली गई है।

मैनहोल का निर्माण जारी, जल्द चालू होगी लाइन

नई पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है, जबकि मौके पर नए मैनहोल का निर्माण अभी जारी है। इसके पूरा होने के बाद पाइपलाइन को चालू करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

सुएज के ऑपरेशन मैनेजर सोनपाल शर्मा ने बताया कि जोन-7 में पुरानी और क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों के कारण लोगों को हो रही परेशानी दूर करने के लिए टीम लगातार काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि साईं मंदिर के पास छह मीटर की गहराई में नई पाइपलाइन डालने का काम सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरा किया गया है। मैनहोल का निर्माण जल्द पूरा कर लाइन चालू करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद क्षेत्र के 1,200 से अधिक घरों को सीवर संबंधी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें : फैजुल्लागंज में जलभराव दूर करने के लिए तीन विभागों ने संभाला मोर्चा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here