शशि रुइया की स्मृति में शुरू होगी गोल्फ चैंपियनशिप, पढ़े रिपोर्ट

0
69

हाईलाइट्स

  • पांच साल तक हर वर्ष मुंबई में शशि रुइया मेमोरियल गोल्फ चैंपियनशिप का आयोजन
  • 12 से 15 जनवरी 2027 तक मुंबई के विलिंगडन स्पोर्ट्स क्लब में पहला संस्करण
  • 2 करोड़ की होगी पुरस्कार राशि, डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई और एस्सार फाउंडेशन ने की घोषणा

मुंबई। भारत में पुरुषों के पेशेवर गोल्फ टूर्नामेंटों को आधिकारिक मान्यता देने वाली संस्था डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) और एस्सार समूह की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) शाखा एस्सार फाउंडेशन ने ‘शशि रुइया मेमोरियल गोल्फ चैंपियनशिप’ शुरू करने की घोषणा की है।

पांच वर्षीय साझेदारी के तहत यह चैंपियनशिप वर्ष 2031 तक प्रतिवर्ष आयोजित की जाएगी। इसका पहला संस्करण 12 से 15 जनवरी 2027 तक मुंबई के प्रतिष्ठित विलिंगडन स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि दो करोड़ रुपये होगी, जबकि प्रो-एम आयोजन 10 जनवरी को होगा।

यह चैंपियनशिप एस्सार समूह के सह-संस्थापक स्वर्गीय शशि रुइया की स्मृति और उनकी विरासत को समर्पित है। उन्होंने अपने भाई रवि रुइया के साथ मिलकर एस्सार समूह की स्थापना की थी।

उनके नेतृत्व में समूह ने बुनियादी ढांचे पर केंद्रित उद्यम से आगे बढ़कर ऊर्जा, बुनियादी ढांचा, धातु एवं खनन, प्रौद्योगिकी और खुदरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में वैश्विक निवेश समूह के रूप में विस्तार किया। उद्यमिता, संस्थान निर्माण, औद्योगिक विकास और परोपकार के क्षेत्र में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा।

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव ने चैंपियनशिप की शुरुआत को भारतीय पेशेवर गोल्फ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा कि एस्सार समूह के साथ मिलकर इस टूर्नामेंट की स्थापना करना गर्व की बात है। यह चैंपियनशिप एस्सार के सह-संस्थापकों रवि रुइया और स्वर्गीय शशि रुइया की दूरदृष्टि तथा उद्योग जगत में उनके योगदान को सम्मान देने का अवसर है।

कपिल देव के अनुसार, मुंबई जैसे देश के प्रमुख महानगर में विश्वस्तरीय पेशेवर गोल्फ प्रतियोगिता आयोजित करने से इस खेल को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने और भारतीय गोल्फ प्रतिभाओं को पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि यह चैंपियनशिप भारतीय गोल्फ कैलेंडर का प्रतिष्ठित आयोजन बनेगी और देश में पेशेवर गोल्फ के विकास को गति देगी।

एस्सार समूह के ग्रुप चीफ एग्जीक्यूटिव प्रशांत रुइया ने कहा कि उनके पिता शशि रुइया को गोल्फ से गहरा लगाव था। गोल्फ कोर्स पर बिताए गए पल उन्हें खुशी देते थे और इस खेल के माध्यम से वे अनेक लोगों से जुड़ते थे।

उन्होंने अपने पिता के साथ गोल्फ कोर्स जाने और वहां उनकी दिलचस्प कहानियां सुनने की यादें साझा करते हुए कहा कि इस चैंपियनशिप के माध्यम से उनकी स्मृति को सम्मान देना परिवार के लिए खुशी की बात है। उन्हें उम्मीद है कि यह आयोजन शशि रुइया की खेल भावना को आगे बढ़ाने के साथ अधिक लोगों को गोल्फ से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा।

एस्सार के प्रबंध निदेशक एवं वैश्विक प्रमुख—कॉर्पोरेट अफेयर्स एवं सार्वजनिक नीति अमित बजाज ने कहा कि डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के साथ एस्सार फाउंडेशन की पांच वर्षीय साझेदारी भारत में पेशेवर गोल्फ के दीर्घकालिक विकास के प्रति समूह की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

चैंपियनशिप के माध्यम से देश के शीर्ष पेशेवर खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए एक स्थायी मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रतिस्पर्धी अवसर भी मिलेंगे।

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप जोहल ने कहा कि एस्सार समूह की पांच वर्षीय प्रतिबद्धता भारतीय पेशेवर गोल्फ के भविष्य में उसके विश्वास को दर्शाती है। यह साझेदारी चैंपियनशिप की प्रतिष्ठा बढ़ाने और उसके दायरे को विस्तार देने के लिए मजबूत आधार प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि दो करोड़ रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि वाली यह प्रतियोगिता प्रतिस्पर्धा का स्तर ऊंचा उठाने के साथ देश के अग्रणी पेशेवर गोल्फरों और उभरती प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देगी।

मुंबई में शीर्ष स्तर का पेशेवर गोल्फ आयोजन होने से इस खेल को देश के प्रमुख व्यावसायिक और उद्यमशीलता केंद्रों में से एक से जोड़ने में भी मदद मिलेगी। आयोजकों का लक्ष्य इसे डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई कैलेंडर के प्रमुख आयोजनों में शामिल करना है।

वर्ष 1917 में स्थापित विलिंगडन स्पोर्ट्स क्लब मुंबई के प्रतिष्ठित खेल संस्थानों में गिना जाता है। क्लब का 18-होल गोल्फ कोर्स वर्ष 1933 में स्थापित हुआ था और यह दक्षिण मुंबई में स्थित है। चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाले पेशेवर खिलाड़ियों की सूची आयोजन से पहले घोषित की जाएगी।

ये भी पढ़ें : भारतीय गोल्फरों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने में मिलेगी मदद

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here