युकी भांबरी अल्माटी ओपन में पुरुष युगल चैंपियन, इस साल जीता पहला खिताब

0
49

अल्माटी: राउंडग्लास टेनिस अकादमी के युकी भांबरी ने रविवार को कजाकिस्तान में अमेरिकी खिलाड़ी रयान सेगर्मैन के साथ जोड़ी बनाकर अल्माटी ओपन का खिताब जीत लिया। यह 2026 सीज़न में भांबरी का पहला एटीपी टूर खिताब है।

चौथी वरीयता प्राप्त भारत-अमेरिकी जोड़ी ने एक बेहद रोमांचक फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त ऑस्ट्रिया के लुकास मिडलर और नील ओबरलाइटनर को 7-6(3), 6-7(1), [10-2] से हराकर एटीपी 250 का खिताब अपने नाम किया।

भांबरी और सेगर्मैन ने फाइनल में शानदार शुरुआत करते हुए पहला सेट टाई-ब्रेकर में 7-3 से जीता। हालांकि, ऑस्ट्रियाई जोड़ी ने दूसरे सेट का टाई-ब्रेकर 7-1 से जीतकर मुकाबले में वापसी की और स्कोर बराबर कर दिया।

इसके बाद निर्णायक मैच टाई-ब्रेकर में भारत-अमेरिकी जोड़ी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 10-2 से जीत दर्ज की और चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।

चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने अपने अभियान की शुरुआत राउंड ऑफ 16 में बेल्जियम-नीदरलैंड की जोड़ी सैंडर गिले और सेम वर्बीक को 7-5, 7(7)-6(5) से हराकर की। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में उन्होंने पोलैंड के फिलिप पिएचोंका और बुल्गारिया के अलेक्जेंडर डोंस्की को 7(8)-6(6), 7(7)-6(2) से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

सेमीफाइनल में भांबरी और सेगर्मैन ने अमेरिकी जोड़ी जे. विद्रो और एन. लैमन्स को 6-3, 7(7)-6(5), 10-6 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने निर्णायक मैच टाई-ब्रेकर में शीर्ष वरीयता प्राप्त लुकास मिडलर और नील ओबरलाइटनर को हराकर शानदार सप्ताह का समापन खिताबी जीत के साथ किया।

ये भी पढ़ें : राउंडग्लास टेनिस अकादमी के पुनीत बने जर्मनी में चैंपियन

ये भी पढ़ें : एटीपी डबल्स टॉप 20 में पहुंचे युकी भांबरी, इतिहास रचने वाले दूसरे भारतीय

इस जीत के साथ भांबरी ने अपने करियर का पांचवां एटीपी टूर युगल खिताब हासिल किया। 34 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी इससे पहले 2023 में मल्लोर्का और 2024 में गस्टाड तथा म्यूनिख में एटीपी 250 खिताब जीत चुके हैं। इसके बाद उन्होंने 2025 में प्रतिष्ठित एटीपी 500 दुबई टेनिस चैंपियनशिप का खिताब भी अपने नाम किया था।

अल्माटी ओपन की यह जीत 2026 सीज़न में भांबरी का दूसरा एटीपी फाइनल है। इससे पहले इस वर्ष उन्होंने न्यूजीलैंड के माइकल वीनस के साथ जोड़ी बनाकर एटीपी 250 जिनेवा ओपन में उपविजेता स्थान हासिल किया था। कजाकिस्तान में मिली यह खिताबी जीत सीज़न के शेष मुकाबलों से पहले उनके आत्मविश्वास और लय को मजबूत करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here