उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी में पुदुचेरी के खिलाफ पहली पारी में 333 रन बनाए। करन शर्मा ने शानदार 167 रन की पारी खेलकर टीम को संभाला, जबकि निचले क्रम में शिवम मावी ने 50 रन का योगदान दिया। यूपी की पारी सिमटने के बाद दिन का खेल समाप्त होने तक पुदुचेरी ने बिना कोई विकेट गंवाए 39 रन बना लिए थे।
यूपी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शीर्ष क्रम के बल्लेबाज बड़ी पारियां खेलने में नाकाम रहे। सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी दो रन बनाकर आउट हो गए, जबकि माधव कौशिक ने 23 रन बनाए।
कप्तान आर्यन जुयाल 22 रन ही बना सके। रिंकू सिंह खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। अराध्य यादव ने 15 और जीशान अंसारी ने 19 रन बनाए। कार्तिक यादव ने 16 रन का योगदान दिया, जबकि यश दयान तीन रन ही बना सके।
एक छोर पर टिककर बल्लेबाजी कर रहे करन शर्मा ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ उपयोगी साझेदारियां कर यूपी का स्कोर आगे बढ़ाया। सातवें विकेट के लिए करन और शिवम मावी ने 87 रन जोड़े।
शिवम ने 50 रन की पारी खेलकर उनका अच्छा साथ दिया। इसके बाद नौवें विकेट के लिए करन और यश दयान ने 94 गेंदों पर 52 रन की साझेदारी की। पुदुचेरी की ओर से सागर उदेशी ने चार विकेट हासिल किए, जबकि अंकित शर्मा ने तीन बल्लेबाजों को आउट किया।
ये भी पढ़ें : पुडुचेरी के खिलाफ लड़खड़ाई यूपी, रिंकू सिंह बिना खाता खोले लौटे
ये भी पढ़ें : यूपीसीए ने आरोपों को कहा भ्रामक, आयु सत्यापन व बोन टेस्ट पर दिया स्पष्टीकरण












