हाईलाइट्स
- दो मैचों में दो शतक, तीसरे में शून्य पर आउट हुए रिंकू सिंह
- खराब मौसम के कारण पहले दिन सिर्फ 37 ओवर का खेल
- उत्तर प्रदेश ने चार विकेट पर बनाए 67 रन
पुडुचेरी। रणजी ट्रॉफी 2026-27 में शानदार शुरुआत करने वाली उत्तर प्रदेश की टीम को तीसरे मुकाबले में पुडुचेरी के खिलाफ शुरुआती झटका लगा है।
पिछले दोनों मैचों में शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज रिंकू सिंह इस बार बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। खराब मौसम के कारण मुकाबले के पहले दिन केवल 37 ओवर का खेल हो सका। दिन का खेल समाप्त होने तक उत्तर प्रदेश ने चार विकेट पर 67 रन बना लिए थे।
रणजी ट्रॉफी
उत्तर प्रदेश की ओर से करन शर्मा 17 और आराध्य यादव दो रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए थे। टीम को रिंकू सिंह से एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह खाता खोलने में नाकाम रहे।
अभिषेक गोस्वामी भी दो रन बनाकर आउट हो गए। माधव कौशिक ने 23 और कप्तान आर्यन जुयाल ने 21 रन का योगदान दिया, लेकिन दोनों अपनी पारियों को बड़ी पारी में नहीं बदल सके।
पुडुचेरी की ओर से अंकित शर्मा ने दो विकेट लेकर उत्तर प्रदेश की बल्लेबाजी को झटके दिए, जबकि गौरव यादव और सागर उदेशी ने एक-एक विकेट हासिल किया। सीमित खेल के बावजूद पुडुचेरी के गेंदबाजों ने यूपी के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।
ये भी पढ़ें : रिंकू का शतक और कार्तिक के पांच विकेट, यूपी की शानदार जीत
इससे पहले उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सत्र में दमदार प्रदर्शन किया था। टीम ने अपने पहले मुकाबले में बिहार को पारी और 267 रन से हराकर बड़ी जीत दर्ज की।
इसके बाद गोवा को 68 रन से शिकस्त देकर लगातार दूसरी जीत हासिल की। इन दोनों मुकाबलों में रिंकू सिंह ने शतकीय पारियां खेलकर टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई थी।
लगातार दो जीत के दम पर उत्तर प्रदेश अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है। हालांकि, पुडुचेरी के खिलाफ तीसरे मुकाबले में टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। अब उसकी कोशिश शेष बल्लेबाजों के सहारे पहली पारी में सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने की होगी।













