यूपी पुलिस एथलेटिक्स क्लस्टर में अभय नारायण का रिकॉर्ड, साइकिलिंग में मेरठ का दबदबा

0
27

लखनऊ। 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर (एथलेटिक्स एवं साइकिलिंग) प्रतियोगिता-2026 के तीसरे दिन कानपुर जोन के अभय नारायण यादव ने पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ में नया कीर्तिमान स्थापित किया। 35वीं वाहिनी पीएसी, महानगर लखनऊ के शहीद चंद्रशेखर आजाद क्रीड़ा संकुल में चल रही प्रतियोगिता में मेरठ और वाराणसी जोन के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

अभय नारायण ने 400 मीटर बाधा दौड़ में बनाया रिकॉर्ड, 400 मीटर बाधा दौड़ में कानपुर के अभय नारायण यादव ने बनाया नया कीर्तिमान, पुरुष वर्ग की कई स्पर्धाओं में मेरठ के खिलाड़ियों ने जीते खिताब

पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ में कानपुर जोन के अभय नारायण यादव ने 52.20 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया और नया कीर्तिमान स्थापित किया। आगरा जोन के विश्ववीर दूसरे और प्रयागराज जोन के अभिषेक राय तीसरे स्थान पर रहे।

पुरुषों की 50 किलोमीटर साइकिलिंग स्पर्धा में मेरठ जोन के केशव शर्मा ने पहला स्थान हासिल किया। वीरेश कुमार दूसरे और मुकुल तीसरे स्थान पर रहे। इस स्पर्धा के तीनों पदक मेरठ जोन के खिलाड़ियों ने जीते। पुरुषों की 20 किलोमीटर वाक चाल में भी मेरठ के विशान्त राणा पहले स्थान पर रहे। लखनऊ जोन के राम सिंह यादव दूसरे और पीएसी पूर्वी जोन के नीलेश कुशवाहा तीसरे स्थान पर रहे।

हैमर थ्रो और त्रिकूद में भी मेरठ आगे

पुरुषों की हैमर थ्रो स्पर्धा में मेरठ के जतिन चौधरी ने 63.62 मीटर का थ्रो कर पहला स्थान हासिल किया। लखनऊ के अफसार अहमद दूसरे और मेरठ के ओमवीर सिंह तीसरे स्थान पर रहे। त्रिकूद में मेरठ जोन के हिमांशु यादव ने पहला, अजीत ने दूसरा और सचिन ने तीसरा स्थान हासिल किया।

शॉट पुट में भी मेरठ के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। आकाश ने पहला और शिवम चौधरी ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि कानपुर के अभिषेक तीसरे स्थान पर रहे।

पोल वॉल्ट में लखनऊ जोन के आलोक सिंह ने पहला और वाराणसी के दीपक यादव ने दूसरा स्थान हासिल किया। दोनों ने 4.40 मीटर की समान ऊंचाई पार की, जबकि मेरठ के जयवीर तीसरे स्थान पर रहे।

ऊंची कूद में प्रयागराज जोन के संदीप यादव पहले, लखनऊ के कुमार शानू गिरि दूसरे और मेरठ के विजेंद्र तीसरे स्थान पर रहे। पुरुषों की 4×100 मीटर रिले दौड़ में मेरठ जोन की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। टीम में आसिफ, पंकज, लविश कुमार और मोहित कुमार शामिल रहे। लखनऊ जोन दूसरे और आगरा जोन तीसरे स्थान पर रहा।

महिला वर्ग में साइकिलिंग और बाधा दौड़ में कड़ी टक्कर

महिलाओं की 40 किलोमीटर साइकिलिंग स्पर्धा में मेरठ जोन की आरती ने पहला स्थान हासिल किया। गोरखपुर जोन की मायावती दूसरे और मेरठ की रुचिका तीसरे स्थान पर रहीं। 100 मीटर बाधा दौड़ में मेरठ जोन की अन्नू पहले, आगरा जोन की सोनिया चौधरी दूसरे और लखनऊ जोन की संजू तीसरे स्थान पर रहीं।

महिलाओं की 10 किलोमीटर वाक चाल में वाराणसी जोन की रोजी पटेल ने पहला स्थान हासिल किया। मेरठ की मीना चौधरी दूसरे और बरेली जोन की अमरीन बानो तीसरे स्थान पर रहीं। पोल वॉल्ट में वाराणसी जोन की माही पटेल ने 3.15 मीटर की ऊंचाई पार कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि कानपुर जोन की तनु शर्मा दूसरे स्थान पर रहीं।

महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में प्रयागराज जोन की बबिता सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। आगरा जोन की सोनिया चौधरी दूसरे और कानपुर जोन की मालती तीसरे स्थान पर रहीं। चक्का फेंक में प्रयागराज जोन की आशिका यादव ने 40.75 मीटर का प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान अपने नाम किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here