डीजी जेल का आगरा दौरा, बंदियों की सुविधाओं व सुरक्षा व्यवस्था की जांच

0
47

पीसी मीना, महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जनपद आगरा स्थित जिला कारागार एवं केंद्रीय कारागार का निरीक्षण किया गया।

जिला कारागार, आगरा में महानिदेशक के कारागार आगमन पर मुख्य द्वार पर सशस्त्र गारद द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया तथा राजेश कुमार राय, जेलर द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

निरीक्षण में सर्वप्रथम महिला बैरक का अवलोकन किया गया, जहां साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। महिला अहाते में स्थापित लाइब्रेरी, ब्यूटी पार्लर तथा बच्चों के लिए संचालित स्मार्ट क्लास की विशेष रूप से सराहना की गई।

 

बंदियों को लू से बचाव हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, लाइब्रेरी में पुस्तकों की संख्या बढ़ाने एवं अध्ययन हेतु पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कारागार चिकित्सालय में भर्ती बंदियों के उपचार के संबंध में चिकित्साधिकारी द्वारा समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी गई। पाकशाला निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता की समीक्षा की।

केंद्रीय कारागार, आगरा का निरीक्षण

महानिदेशक महोदय के केंद्रीय कारागार आगमन पर श्री संतोष कुमार वर्मा, जेलर एवं डॉ० सुधांशु, चिकित्साधिकारी द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा गार्ड द्वारा सलामी दी गई।

निरीक्षण की शुरुआत चिकित्सालय परिसर से की गई, जहां भर्ती बंदियों से उनके स्वास्थ्य, उपचार एवं देखभाल के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। चिकित्सा अधिकारियों को बंदियों के समयबद्ध एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान बीमार बंदियों को फल वितरित किए गए।

 

सर्किल संख्या-4 में सिद्धदोष बंदियों की परेड का निरीक्षण किया गया तथा बंदियों से समयपूर्व रिहाई, अपील एवं प्रकरणों की पैरवी के संबंध में संवाद किया गया।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 14 वर्ष की सजा पूर्ण कर चुके बंदियों के समयपूर्व रिहाई प्रस्ताव समय से मुख्यालय प्रेषित किए जाएं तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण जिलाधिकारी एवं पुलिस आयुक्त से समन्वय स्थापित कर सुनिश्चित किया जाए।

बैरकों के निरीक्षण के दौरान बंदियों से रहन-सहन, भोजन एवं चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली गई।
पाकशाला में तैयार भोजन का निरीक्षण किया गया। साथ ही कारागार में संचालित फिनाइल एवं साबुन निर्माण इकाई का निरीक्षण करते हुए आवश्यक कच्चे माल की शीघ्र उपलब्धता सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया।

निरीक्षण के समापन पर कारागार की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आधुनिक तकनीकों, विशेष रूप से सीसीटीवी सर्विलांस के माध्यम से सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर दोनों कारागारों के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्साधिकारीगण एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें : कारागार प्रशिक्षण संस्थान में दीक्षांत परेड, 119 प्रशिक्षु हुए पासआउट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here