रायबरेली। महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश पीसी मीना ने शनिवार को जिला कारागार रायबरेली में स्थापित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नमन किया।
स्मारक के उद्घाटन के बाद महानिदेशक ने जिला कारागार का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम एवं सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, विभिन्न बैरकों, कारागार चिकित्सालय, महिला बैरक, पाकशाला तथा माटी कला केंद्र का अवलोकन किया।
माटी कला केंद्र में बंदियों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने उनके कार्यों की सराहना की। निरीक्षण के दौरान महानिदेशक ने बंदियों से संवाद कर उनके प्रकरणों एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
ये भी पढ़ें : कारागार प्रशिक्षण संस्थान में 31 प्रशिक्षार्थियों के साथ शुरू हुआ नया बैच
ये भी पढ़ें : योग दिवस पर कारागार प्रशिक्षण संस्थान में हुआ सामूहिक योगाभ्यास
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बंदियों के प्रकरणों का शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कारागार परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर उपमहानिरीक्षक कारागार डॉ. रामधनी, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, जेल अधीक्षक प्रभात सिंह, जेलर हिमांशु रौतेला, चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।













