गनेमत सेखों की मजबूत शुरुआत, टॉप-8 में जगह बनाने से एक कदम दूर

0
32

नई दिल्ली : भारत की गनेमत सेखों ने 75 में से 70 टारगेट हिटकर कजाखस्तान के अल्माटी स्थित आसानोव शूटिंग क्लब में आज शुरू हुए इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्डकप शॉटगन के पहले दिन का समापन शीर्ष आठ स्थानों से केवल एक अंक पीछे रहते हुए किया।

चंडीगढ़ की इस शूटर, जिन्होंने तीन साल पहले इसी रेंज पर रजत पदक जीता था, प्रतियोगिता में शीर्ष आठ में जगह बनाने की दौड़ में सबसे बेहतर स्थिति में रहने वाली भारतीय रहीं। क्वालिफिकेशन के बाकी 50 टारगेट और पुरुष व महिला दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले कल खेले जाएंगे।

आईएसएसएफ वर्ल्डकप शॉटगन

पुरुष वर्ग में ओलंपियन मैराज अहमद खान ने पहले सीरीज़ में परफेक्ट 25 का स्कोर किया और उसके बाद अगली दो सीरीज़ में 23-23 का स्कोर बनाते हुए पहले दिन का समापन 71 अंकों के साथ किया, जिससे वह फिलहाल 27वें स्थान पर हैं।

एक अन्य ओलंपियन अनंतजीत सिंह नरूका ने भी अपनी पहली सीरीज़ में परफेक्ट 25 का स्कोर किया, लेकिन अगली दो राउंड में 23 और 21 ही बनास के और दिन का अंत 69 के स्कोर के साथ किया। प्रतियोगिता में तीसरे भारतीय, राष्ट्रीय चैंपियन गुरजोत सिंह खंगूरा ने 22, 24 और 24 की सीरीज़ के साथ कुल 70 का स्कोर बनाया।

रैंकिंग अंक के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे भावतेग सिंह गिल और अभय सिंह सेखों ने क्रमशः 71 (24, 24, 23) और 70 (23, 24, 23) का स्कोर किया।

महिला वर्ग में ओलंपियन और राष्ट्रीय चैंपियन राइज़ा ढिल्लों ने अपनी पहली तीन सीरीज़ में 22, 23 और 24 का स्कोर करते हुए पहले दिन का अंत 69 अंकों के साथ किया, जबकि परिनाज़ ढालीवाल ने 22, 21 और 23 के साथ कुल 66 का स्कोर बनाया।

रैंकिंग अंक के लिए खेल रहीं वंशिका तिवारी और रश्म्मी राठौर ने क्रमशः 66 (24, 21, 21) और 62 (20, 21, 21) का स्कोर किया। यह सीज़न का दूसरा शॉटगन वर्ल्ड कप है, जबकि पहला अप्रैल में मोरक्को के टांजीयर में संपन्न हुआ था, जहां भारतीय खिलाड़ी कोई पदक हासिल नहीं कर सके थे।

ये भी पढ़ें : भारतीय शॉटगन टीम का अगला मिशन अल्माटी, 42 देशों के बीच होगी टक्कर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here