मुंबई। मुंबई के एक फाइव स्टार होटल में निलयश्री क्रिएशन की ओर से मिस्टर महाराष्ट्र, मिस महाराष्ट्र, मिसेज महाराष्ट्र एवं फैशन शो का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर रहीं, जिन्हें फिल्म जगत में ‘खल्लास गर्ल’ के नाम से भी जाना जाता है। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में झांसी (उत्तर प्रदेश) के वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. विजय पहारिया उपस्थित रहे।
मिस्टर महाराष्ट्र, मिस महाराष्ट्र और मिसेज महाराष्ट्र प्रतियोगिता के विजेताओं का हुआ सम्मान
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने रैंप वॉक के साथ विभिन्न राउंड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बाद हर्षिका वाल्के को मिस महाराष्ट्र, जिगीशा सिंह को मिसेज महाराष्ट्र तथा लक्ष्मण सिंह को मिस्टर महाराष्ट्र का खिताब प्रदान किया गया।
सभी विजेताओं को अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर ने ट्रॉफी और सम्मान प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर ईशा कोप्पिकर ने वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. विजय पहारिया को ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ सम्मान से भी सम्मानित किया।
अपने संबोधन में ईशा कोप्पिकर ने कहा कि बदलते समय के साथ बॉलीवुड का स्वरूप भी तेजी से बदल रहा है। आज युवाओं के पास अभिनय, फैशन और मनोरंजन जगत में आगे बढ़ने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। यदि युवा समर्पण और मेहनत के साथ प्रयास करें तो वे अपनी पहचान बना सकते हैं।
निलयश्री क्रिएशन के फैशन शो में हर्षिका, जिगीशा और लक्ष्मण बने विजेता
विशिष्ट अतिथि डॉ. विजय पहारिया ने कहा कि फिल्में समाज का आईना होती हैं और आज का युवा फिल्मों से प्रेरणा लेकर अभिनय, मॉडलिंग और फैशन की दुनिया में आगे बढ़ने का सपना देखता है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपने सपनों को साकार करने का प्रभावी मंच प्रदान करते हैं।
शो डायरेक्टर रवि सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पिछले कई महीनों से लगातार तैयारी की गई। मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार के बाद बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में शो ऑर्गेनाइजर सनी सिंह, निलयश्री क्रिएशन की टीम, इवेंट मैनेजर अक्षित चौहान सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रूपेश प्रसाद एवं शिल्पी चुग ने किया, जबकि अंत में कॉस्ट्यूम डिजाइनर दीप्ति चंद्र ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें : मास एंटरटेनमेंट की गारंटी, यहा देखें अजय देवगन की ‘चौहान’ का पहला लुक













