लालरिनजुआला और कासिमोव के गोल से गोकुलम केरल की पहली जीत

0
54

मंजेरी : पहले हाफ में मोसेस लालरिनजुआला के शानदार गोल और अंत में मिर्जालोल कासिमोव की पेनल्टी की बदौलत गोकुलम केरल एफसी ने डेम्पो एससी को 2-0 से हराकर स्टार सीमेंट इंडियन फुटबॉल लीग 2025-26 में अपनी पहली जीत दर्ज की। मुकाबला पय्यानाड स्टेडियम में खेला गया।

इस जीत के साथ गोकुलम केरल चार मैचों में पांच अंकों के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया, जबकि डेम्पो एससी इतने ही मैचों में दो अंकों के साथ सबसे नीचे है। शिबिन राज कुन्नियिल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इंडियन फुटबॉल लीग

गोकुलम केरल के मुख्य कोच दिमित्रिस दिमित्रियू ने अपनी टीम में चार बदलाव किए। निधिन कृष्णा को सेंट्रल डिफेंस में हरप्रीत सिंह की जगह शामिल किया गया, जबकि मिर्जालोल कासिमोव ने एन.शिगिल की जगह ली। आक्रमण में राहुल राजू और मोसेस लालरिनजुआला को निली पेड्रोमो और जॉन कैनेडी की जगह मौका मिला।

डेम्पो के कोच समीर नाइक ने भी चार बदलाव किए। जोसे लुइस मोरेनो को डिफेंस में मोहम्मद अली की जगह उतारा गया, जबकि अमय मोराजकर और कनेरकितालांग बुआम ने मिडफील्ड में एरिस्टन कोस्टा और सैगोमांग डौंगल की जगह ली। अर्नोल्ड ओलिवेरा को रिचमंड ओवुसु की जगह विंग पर शामिल किया गया।

मुकाबला शुरुआती समय में मिडफील्ड की जंग बना रहा, लेकिन 20वें मिनट से पहले ही मेजबान टीम ने बढ़त बना ली। मोसेस लालरिनजुआला ने बॉक्स के बाहर दो खिलाड़ियों को छकाते हुए बाएं पैर से जोरदार शॉट लगाया, जो गोलकीपर आशीष सिबी को छकाते हुए जाल में जा समाया।

गोकुलम केरल एफसी – 2 (मोसेस लालरिनजुआला 19’, मिर्जालोल कासिमोव 83’ पेनल्टी) डेम्पो एससी – 0

इसके बाद गोकुलम ने लगातार दबाव बनाए रखा और दूसरा गोल करने के करीब पहुंचा। आशीष सिबी ने त्रिजॉय दास के शॉट पर शानदार बचाव किया, जबकि मोसेस के क्रॉस पर थाबिसो ब्राउन का हेडर क्रॉस बार से टकराकर बाहर चला गया।

दूसरी ओर डेम्पो की विदेशी जोड़ी सेबेस्टियन गुटिएरेज और मार्कस जोसेफ गोकुलम की मजबूत डिफेंस के सामने ज्यादा प्रभाव नहीं डाल सकी। पहले हाफ में उनका सबसे अच्छा मौका तब आया जब गुटिएरेज ने बॉक्स में मार्क स को पास दिया, लेकिन उनका शॉट गोलकीपर शिबिन राज ने आसानी से रोक लिया।

दूसरे हाफ की शुरुआत में गोकुलम को पेनल्टी मिली जब गोलकीपर ने बॉक्स में थाबिसो ब्राउन को गिरा दिया। हालांकि आशीष सिबी ने अपनी गलती सुधारते हुए ब्राउन की पेनल्टी को शानदार तरीके से बचा लिया और स्कोर 1-0 ही रहा।

गोकुलम ने मैच पर नियंत्रण बनाए रखा और लगातार मौके बनाते रहे, जबकि डेम्पो ने  लक्ष्मीकांत राणे को उतारकर आक्रमण में कुछ तेजी लाई, लेकिन वे अपने मौकों को भुनाने में नाकाम रहे।

आशीष सिबी ने एक बार फिर शानदार बचाव करते हुए थाबिसो ब्राउन को गोल करने से रोका, जब एक तेज काउंटर अटैक के बाद त्रिजॉय दास के क्रॉस पर ब्राउन को क्लियर मौका मिला था। 83वें मिनट में गोकुलम ने दूसरी पेनल्टी हासिल की, जब ऑबिन कौआकौ ने कासिमोव को बॉक्स में गिरा दिया।

कासिमोव ने इस बार कोई गलती नहीं की और जोरदार शॉट के साथ गेंद को टॉप राइट कॉर्नर में डाल दिया। अतिरिक्त समय में डेम्पो ने वापसी की कोशिश की और कुछ मौके बनाए।

ऑबिन कौआकौ का वॉली शॉट बाहर चला गया, जबकि लक्ष्मीकांत राणे के शॉट को शिबिन राज ने शानदार तरीके से बचा लिया। अंत में गोकुलम केरल ने 2-0 की जीत के साथ पूरे तीन अंक हासिल किए और सीजन की पहली जीत दर्ज की।

ये भी पढ़ें : मनवीर के शानदार गोल से नामधारी ने श्रीनिधि को रोका, मुकाबला 1-1 से ड्रॉ

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here