नई दिल्ली : दो दशक बाद एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप के लिए क्वालीफाई करने वाली भारतीय टीम ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए शुक्रवार को थाईलैंड पहुंच गई। 24 सदस्यीय भारतीय टीम यहां आगामी टूर्नामेंट से पहले अनुकूलन शिविर में हिस्सा लेगी।
भारतीय टीम अगले महीने होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट से पहले करीब पंद्रह दिन तक थाईलैंड में तैयारी करेगी। टीम का पहला मुकाबला 2 अप्रैल को ग्रुप सी में जापान के खिलाफ होगा। इसके बाद भारत 5 अप्रैल को ऑस्ट्रेलिया और 8 अप्रैल को चीनी ताइपे से भिड़ेगा।
ग्रुप चरण में शीर्ष दो टीमें और तीसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीमें क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएंगी। क्वार्टर फाइनल में जीत दर्ज करने वाली टीमों को इस साल पोलैंड में आयोजित होने वाले फीफा अंडर-20 महिला विश्व कप में खेलने का मौका मिलेगा।
ये भी पढ़ें : गांव की गलियों से इंटरनेशनल हीरो तक, जोया की शानदार कहानी
ये भी पढ़ें : भारतीय अंडर-17 महिला टीम की शानदार वापसी, म्यांमार को हराया
टूर्नामेंट से पहले भारतीय टीम ने अपनी तैयारियों को मजबूत करने के लिए कई चरणों में अभ्यास किया है। इंडियन वुमेंस लीग के पहले चरण में हिस्सा लेने के बाद टीम ने बेंगलुरु में स्वीडिश कोच जोकिम अलेक्जेंडरसन की देखरेख में ट्रेनिंग की। इसके अलावा टीम ने स्वीडन में एक महीने का प्रशिक्षण शिविर भी लगाया।
यूरोप दौरे के दौरान भारतीय टीम ने स्वीडन की सीनियर टीम के खिलाफ पांच दोस्ताना मुकाबले खेलकर अहम अनुभव हासिल किया। स्वदेश लौटने के बाद टीम ने कोलकाता में अभ्यास शिविर के जरिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
भारतीय टीम इस प्रकार है:
- गोलकीपर : मोनालिसा देवी एम, नंदिनी, रिबांसी जामू
- डिफेंडर : अलका इंदवार, सिंडी आर कोलनी, निशिमा कुमारी, रेमी थोकचोम, रूचि यादव, सहीना टीएच, शुभांगी सिंह, टी चानू तोइजाम
- मिडफील्डर : अंजू चानू कायेनपेइबाम, अरिना देवी एन, भूमिका देवी, मोनिशा सिंघा, नेहा, पूजा, श्रुति कुमारी
- फॉरवर्ड : बबीता कुमारी, दीपिका पाल, लिंगदेइकिम, शिलजी शाजी, सिबानी देवी एन, सुलांजना राउल













