लखनऊ। महिला क्रिकेटरों को मंच देने के साथ अब उन्हें अपनी प्रतिभा का मेहनताना भी मिलने लगा है। लखनऊ में पहली बार हो रही लखनऊ वुमेन्स प्रीमियर लीग के लिए शुक्रवार को हुई खिलाड़ियों की नीलामी में रेटिंग खिलाड़ियों को लेकर फ्रैंचाइजी के बीच जबर्दस्त होड़ देखने को मिली।
करीब दो दर्जन रेटिंग खिलाड़ियों के लिए अधिकतम 25-25 हजार रुपये तक की बोली लगी। कई खिलाड़ियों के लिए सभी फ्रैंचाइजी के एक समान अधिकतम बोली लगाने के कारण लॉटरी के जरिए टीम का फैसला किया गया।
लखनऊ वुमेन्स प्रीमियर लीग की शुरुआत
नीलामी की शुरुआत क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ के अध्यक्ष एवं लीग के चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल, सीएएल के सचिव केएम खान, लीग के कमिश्नर एसपी मिश्रा और डिप्टी कमिश्नर प्रियंका शैली ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस मौके पर प्रख्यात पत्रकार वंदना मिश्रा की महिला क्रिकेट पर लिखी गई किताब का विमोचन भी डॉ. नवनीत सहगल ने किया।
नीलामी में छह फ्रैंचाइजी टीमों के मालिक, कोच और एक्सपर्ट शामिल हुए। रेटिंग खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए फ्रैंचाइजी के बीच बोली लगाने की होड़ रही।
इन खिलाड़ियों के लिए अधिकतम 25 हजार रुपये की बोली तय थी। जब एक खिलाड़ी के लिए दो या उससे अधिक टीमों ने 25 हजार रुपये की बोली लगाई तो लॉटरी के जरिए खिलाड़ी को टीम दी गई।
सबसे ज्यादा रेटिंग खिलाड़ी लखनऊ चैलेंजर्स और लखनऊ नवाबी क्वीन्स में
फ्रैंचाइजी के पर्स में पहले दो लाख रुपये रखे गए थे। बाद में लीग के चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल ने इसे बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये कर दिया। इसके बाद फ्रैंचाइजी ने खिलाड़ियों को खरीदने में जमकर खर्च किया।
करीब दो दर्जन रेटिंग खिलाड़ी 25-25 हजार रुपये में बिके। इनमें अरोमा त्यागी 24.5 हजार रुपये में बिकीं। उनके अलावा सभी रेटिंग खिलाड़ियों के लिए अधिकतम बोली के बाद लॉटरी निकाली गई।
ये भी पढ़े : लखनऊ में पहली बार वुमेन्स क्रिकेट लीग, 23 सितंबर से छह टीमों का मुकाबला
लखनऊ नवाबी क्वीन्स और आरईपीएल लखनऊ चैलेंजर्स ने सबसे ज्यादा छह-छह रेटिंग खिलाड़ी खरीदे। इसके बाद फोर स्क्वायर लखनऊ वारियर्स ने पांच, लखनऊ शेरनीज ने चार, सेज फाल्कन ने तीन और रहीमाबाद रॉयल्स ने दो रेटिंग खिलाड़ी अपनी टीम में शामिल किए।
इसके अलावा बाकी सभी खिलाड़ियों का बेस प्राइस 3000 रुपये रखा गया है। इनकी अधिकतम बोली 5000 रुपये निर्धारित की गई है। फ्रैंचाइजी अपनी पसंद के खिलाड़ियों को चुन सकती हैं।
जिस खिलाड़ी को दो या उससे अधिक फ्रैंचाइजी अपनी टीम में शामिल करना चाहेंगी, उसके लिए बोली लगाई जाएगी। देर शाम तक खिलाड़ियों की नीलामी जारी थी।
किस खिलाड़ी को किस फ्रैंचाइजी ने खरीदा
- लखनऊ नवाबी क्वीन्स (6 खिलाड़ी): अरोमा त्यागी (24.5 हजार), प्रियांशी पांडेय, अन्वेषा चटर्जी, सना खान, अरीशा मुस्तफा और शशिबाला।
- आरईपीएल लखनऊ चैलेंजर्स (6 खिलाड़ी): प्रियांशी यादव, अनुष्का श्रीवास्तव, चांदनी शर्मा, अविका जैन, आकांक्षा सिंह और भूमिका।
- फोर स्क्वायर लखनऊ वारियर्स (5 खिलाड़ी): शिल्पी यादव, पीशा गुप्ता, संध्या यादव, तान्या सिंह और अपेक्षा मणि त्रिपाठी।
- लखनऊ शेरनीज (4 खिलाड़ी): अंशु तिवारी, संध्या क्षेत्री, आयुषी श्रीवास्तव और अक्शा खान।
- सेज फाल्कन (3 खिलाड़ी): आरजू, सोनाली और सरगुन यादव।
- रहीमाबाद रॉयल्स (2 खिलाड़ी): काजल टमटा और धुन पिमोली।









