लखनऊ। ग्रीन पार्क में लिखित परीक्षा में सफल रहे 23 अंपायर्स की मौखिक और वीडियो परीक्षा आयोजित की गई। मौखिक परीक्षा में अभ्यर्थियों के क्रिकेट नियमों की जानकारी, अंपायरिंग से जुड़े निर्णय लेने की क्षमता और अलग-अलग खेल परिस्थितियों को समझने की क्षमता का आकलन किया गया।
वहीं वीडियो परीक्षा के माध्यम से विभिन्न मैच परिस्थितियों को दिखाकर अभ्यर्थियों की निर्णय क्षमता और अंपायरिंग कौशल को परखा गया।
परीक्षा के दौरान पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर अनिल चौधरी ने अभ्यर्थियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। इस प्रक्रिया का उद्देश्य योग्य अंपायर्स का चयन करने के साथ प्रदेश में अंपायरिंग के स्तर को और मजबूत करना है।
इस दौरान बीसीसीआई के पिच क्यूरेटर तपोश चटर्जी और समंदर सिंह ने भी सभी अंपायर्स को अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान पिच क्यूरेटर और अंपायर के बीच होने वाले आवश्यक संवाद और समन्वय के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
परीक्षा के समापन के बाद अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के आधार पर जल्द ही परिणाम जारी किए जाएंगे। इस अवसर पर पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर अनिल चौधरी को उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, निदेशक रियासत अली, कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला और चेयरमैन अंपायर समिति मनोज पुंडीर ने सम्मानित किया।
इस मौके पर बीसीसीआई स्कोरर एपी सिंह, एसपी सिंह, बीसीसीआई अंपायर अनुराग राठौर के अलावा दीपक शर्मा, मीडिया मैनेजर अहमद अली तालिब और सुजीत श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : अंपायर्स ने मैदान पर दिए फैसले, स्कोरर्स ने वीडियो से की मैच स्कोरिंग








