अंपायर्स ने मैदान पर दिए फैसले, स्कोरर्स ने वीडियो से की मैच स्कोरिंग

0
60

कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के राज्य पैनल अंपायर्स और स्कोरर्स की प्रैक्टिकल परीक्षा गुरुवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान अंपायर्स और स्कोरर्स की व्यावहारिक दक्षता के साथ क्रिकेट के नियमों की समझ का परीक्षण किया गया।

स्कोरर्स की परीक्षा में 30 प्रतिभागियों ने वीडियो के माध्यम से मैच की स्कोरिंग की। उन्होंने प्रत्येक गेंद, रन, विकेट, एक्स्ट्रा और मैच से जुड़े अन्य जरूरी विवरणों को निर्धारित नियमों के अनुसार दर्ज किया। स्कोरर्स की लिखित परीक्षा भी गुरुवार को आयोजित की गई। वहीं, अंपायर्स का प्रैक्टिकल टेस्ट वास्तविक मैच की परिस्थितियों में कराया गया।

इसमें गेंदों पर निर्णय लेने के साथ एलबीडब्ल्यू, रन आउट, कैच, नो-बॉल और वाइड सहित विभिन्न परिस्थितियों में नियमों के अनुसार फैसला लेने की क्षमता परखी गई। अंपायर्स का प्रैक्टिकल टेस्ट पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर अनिल चौधरी ने लिया, जबकि स्कोरर्स के प्रैक्टिकल परीक्षण की जिम्मेदारी पी. जयपाल ने संभाली।

परीक्षा का उद्देश्य राज्य पैनल के लिए अंपायर्स और स्कोरर्स की व्यावहारिक क्षमता, नियमों की समझ और मैच के दौरान सही निर्णय लेने की दक्षता का मूल्यांकन करना है। परीक्षा निर्धारित मानकों के अनुसार कराई गई।

इस दौरान अंपायर समिति के चेयरमैन मनोज पुंडीर, एजुकेटर सहायक अनुराग राठौर, राम जी तिवारी, एपी सिंह और एसपी सिंह मौजूद रहे। यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने भी परीक्षा का निरीक्षण किया। शुक्रवार को अंपायर्स का मौखिक और वीडियो परीक्षण आयोजित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें : ग्रीन पार्क में क्रिकेट को नई उड़ान, फीस में भारी कटौती से यूपीसीए उत्साहित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here