लखनऊ मंडल ने प्रदेशीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता में जीता कांसा

0
59

लखनऊ। लखनऊ मंडल की टीम ने झांसी में 28 से 31 अक्टूबर तक आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रदेशीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता में कांस्य पदक अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में लखनऊ की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूल डी में अपने तीनों मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया। लखनऊ की टीम ने पूल मुकाबलों में आजमगढ़, अलीगढ़ और आगरा को शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

फिर लखनऊ ने क्वार्टर फाइनल में गोरखपुर को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। हालांकि सेमीफाइनल मुकाबले में वाराणसी की टीम ने लखनऊ को 30-23 से पराजित कर दिया। इस हार के साथ लखनऊ मंडल को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता में वाराणसी की टीम विजेता जबकि अयोध्या की टीम उपविजेता रही।

लखनऊ की कांस्य पदक विजेता टीम को लखनऊ मंडल के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा ने बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत और टीम भावना का परिणाम है।

टीम के कोच मोहम्मद तौहीद ने कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में एकजुटता और बेहतर खेल का परिचय दिया। वहीं निशा खान, शिवानी भारती, माही शर्मा और डॉली यादव ने विशेष रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। हालांकि सेमीफाइनल में टीम को हार जरूर मिली, लेकिन खिलाड़ियों ने जिस तरह जुझारुपन दिखाया वह सराहनीय रहा।

ये भी पढ़ें : लखनऊ मंडल की सीनियर महिला हैंडबॉल टीम चयनित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here