कोलकाता : आगामी पुरी कोस्टल मैराथन 2026 के जागरूकता अभियान के उद्देश्य से आज कोलकाता में 5 किलो मीटर की प्रोमो रन का आयोजन किया गया, जिसमें 1,000 से अधिक पंजीकृत धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह आयोजन 13 दिसंबर, 2026 को ओडिशा के पुरी में आयोजित होने वाली मैराथन के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा लोगों को फिटनेस और स्वस्थ जीवन शैली के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।
कोलकाता के धावकों ने दिखाया उत्साह, दौड़े 1000 से अधिक प्रतिभागी
साल्टलेक, सेक्टर-3, बिधाननगर स्थित जी.डी. ग्राउंड में आयोजित इस प्रोमोरन में फिटनेस प्रेमियों, शौकिया धावकों, अनुभवी एथलीटों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया।
आयोजन के लिए 1,000 से अधिक पंजीकरण प्राप्त हुए और सभी पंजीकृत प्रतिभागियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 5:30 बजे बिबवितरण के साथ हुआ तथा सुबह 6:45 बजे दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
प्रतिभागियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रोमोरन में पंजीकरण निःशुल्क रखा गया था। प्रतिभागियों को हाइड्रेशन सुविधा, निःशुल्क रेस फोटोग्राफी तथा दौड़ के उपरांत नाश्ता उपलब्ध कराया गया। इसके अतिरिक्त, पहले 500 प्रतिभागियों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर विशेष प्रोमोशनल टी-शर्ट प्रदान की गईं।
इस अवसर पर कोलकाता के धावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने न केवल शहर में दौड़ और फिटनेस के प्रति बढ़ती रुचि को प्रदर्शित किया, बल्कि पश्चिम बंगाल और ओडिशा के रनिंग समुदायों को जोड़ने का भी कार्य किया। कई प्रतिभागियों ने आगामी पुरी कोस्टल मैराथन में भाग लेने की इच्छा व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि पुरी कोस्टल मैराथन 2026 का आयोजन रविवार, 13 दिसंबर, 2026 को पुरी, ओडिशा में किया जाएगा। इस मैराथन को भारत की पहली सैंड-प्लस-रोड मैराथन के रूप में परिकल्पित किया गया है, जिसमें प्रतिभागियों को समुद्र तट की रेतीलीसतह और पारंपरिकसड़कमार्ग, दोनों पर दौड़ने का अनूठा अनुभव प्राप्त होगा।
ये भी पढ़ें : पटेल जयंती पर मांडवी में मिनी मैराथन, 550 ने दिया नशामुक्त भारत का संदेश
यह आयोजन देशभर के धावकों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ ओडिशा के समुद्र तटीय पर्यटन को प्रोत्साहित करने का भी अवसर प्रदान करेगा। कोलकाता प्रोमो रन को मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया से आगामी पुरी कोस्टल मैराथन के प्रति लोगों की रुचि और भागीदारी बढ़ने की उम्मीद है।
इस पहल के माध्यम से अधिक से अधिक धावकों को पुरी पहुंचकर इस अनूठे खेल आयोजन का हिस्सा बनने तथा फिटनेस, सहनशक्ति और खेल भावना का उत्सव मनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।













