लालगंज, रायबरेली। शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में डॉ. रिजवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल ने एक नई पहल की है। विद्यालय में विद्यार्थियों को तकनीक आधारित और रोचक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्मार्ट बोर्ड सुविधा शुरू की गई।
इसका उद्घाटन विद्यालय के संरक्षक राम स्वरूप सोनी ने रिमोट का बटन दबाकर किया। इस अवसर पर राम स्वरूप सोनी ने कहा कि तकनीक के दौर में स्मार्ट क्लास शिक्षा की जरूरत बन गई है। स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से विद्यार्थी कठिन विषयों को चित्रों और वीडियो के जरिए आसानी से समझ सकेंगे।
इससे पढ़ाई अधिक रोचक होने के साथ बच्चों की सीखने और समझने की क्षमता भी बढ़ेगी। विद्यालय के प्रबंधक अताउर रहमान ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
शिक्षा के साथ खेल और अन्य सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों में भी विद्यार्थियों को बेहतर अवसर देने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि विद्यालय के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय सामाजिक समरसता और समान अवसरों में विश्वास रखता है। इसी सोच के तहत विद्यालय परिसर में अपने विद्यार्थियों के साथ दूसरे विद्यालयों के बच्चों को भी खेल संबंधी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।
यहां किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता और सभी बच्चों को अनुशासन, एकता तथा आपसी सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या डिम्पी तिवारी, वरिष्ठ शिक्षिकाएं संध्या दीक्षित, संजना चौधरी, दीपिका, नशरा रहमान, मंतशा, रिया, हेमलता, रजनी, निधि, सोनी बेगम, नेहा यादव, पूनम कुमारी, रूपल और शिक्षक अभिषेक सिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : बेबी गेम्स : रायबरेली के मुक्केबाजों का धमाल, 6 स्वर्ण सहित जीते 27 पदक













