लखनऊ। लखनऊ क्रिकेट अकादमी में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और नियमित अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किए गए कवर्ड प्रैक्टिस सेंटर का शनिवार को वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी सत्येन कुमार सिंह ने उद्घाटन किया।
वर्ष 1989 में स्थापित लखनऊ क्रिकेट अकादमी में इस सुविधा के शुरू होने से बारिश के दौरान भी खिलाड़ियों के अभ्यास का रास्ता साफ हो गया है।
अकादमी के सचिव अरशी रजा ने बताया कि एकेडमी में खिलाड़ियों के लिए पहले से ही विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन मानसून के दौरान लगातार होने वाली बारिश के कारण नियमित अभ्यास प्रभावित होता है।
इसी समस्या को देखते हुए मैदान में ही कवर्ड प्रैक्टिस सेंटर तैयार किया गया है, जहां बारिश के दौरान भी खिलाड़ी सुरक्षित रूप से अभ्यास जारी रख सकेंगे। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से मानसून के दौरान इस सुविधा से खिलाड़ियों को काफी लाभ मिलेगा।
उद्घाटन के अवसर पर मुख्य अतिथि सत्येन कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह खुशी की बात है कि लखनऊ की पुरानी और प्रतिष्ठित क्रिकेट अकादमी लगातार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि अकादमी में लखनऊ के साथ प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि कवर्ड प्रैक्टिस सेंटर से खिलाड़ियों को काफी फायदा मिलेगा और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर अकादमी के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, ग्राउंड स्टाफ और वरिष्ठ खिलाड़ी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक कमर रजा ने मुख्य अतिथि समेत सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रशिक्षक आशीष शर्मा, अमान रिजवी, प्रबल सिंह, यूसुफ खान, हसन रजा, स्वतंत्र मिश्रा, अकादमी के मैनेजर अब्बास अली और ग्राउंड इंचार्ज दिवेंद कुमार सहित अकादमी के वरिष्ठ खिलाड़ी एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम की जानकारी अकादमी के मैनेजर अब्बास अली ने दी।
ये भी पढ़ें : लखनऊ में क्रिकेट का नया नाइट प्लेटफॉर्म, कवर ड्राइव ग्राउंड पर डे-नाइट मैच










