रणबीर कपूर की इस वक्त सिनेमाघरों में ‘रामायण’ धूम मचा रही है. यह ऐसी पिक्चर है, जिसमें उन्होंने जबरदस्त काम किया है. वहीं मेकर्स ने इसे जैसे तैयार किया है, वो देखकर भी लोग तारीफ कर रहे हैं.
इससे पहले अभिनेता ‘एनिमल’ में दिखे थे, जो एकदम अलग जॉनर की फिल्म थी और वहां मारधाड़ करते हुए भी सबका दिल जीता. एक्टिंग के मामले में रणबीर कपूर का कोई हाथ नहीं पकड़ सकता, क्योंकि उनकी एक्टिंग में वो गहराई है, जो डायरेक्टर्स चाहते हैं और लोग देखना चाहते हैं.
एक हालिया इंटरव्यू में रणबीर कपूर ने अपने दिल की बात साझा करते हुए बताया कि ”कुछ महीनों पहले ही अपनी एक स्क्रिप्ट लिखनी शुरू की है. और अगले 2 से 3 सालों में एक डायरेक्टर के तौर पर अपना कदम आगे बढ़ाना चाहते हैं.” हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि वो अपनी ही डायरेक्शन में बनी फिल्म में एक्टिंग नहीं करेंगे. बल्कि वो पूरी तरह से कैमरे के पीछे रहकर डायरेक्शन की कमान संभालेंगे.
अपने कमिटमेंट्स पर बात करते हुए रणबीर कपूर ने कहा, ”मैं साल में केवल 100 से 125 दिन ही काम करता हूं, इसलिए मेरे पास स्टोरी लिखने का पूरा वक्त होता है. लेकिन मुझे लगता है कि एक एक्टर के तौर पर यह मेरा आखिरी दशक है.
क्या मुझे आगे भी ऐसे बेहतरीन किरदार निभाने का मौका मिलेगा? मैं अब डायरेक्शन की तरफ रुख करना चाहता हूं.” रणबीर कपूर के इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके फैन्स थोड़े परेशान जरूर दिखे. लेकिन उनके इस नए सफर के लिए उन्हें बधाई भी दे रहे हैं.
जब अभिनेता से पूछा गया कि वो किस तरह की फिल्म का डायरेक्शन करना चाहेंगे. तो उन्होंने बताया कि वो ‘लाइफ इज ब्यूटीफुल’, ‘इट्स ए वंडरफुल लाइफ’ और राजकुमार हिरानी की फिल्मों की तरह एक ‘फील-गुड फैमिली ड्रामा’ बनाना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि ” म्यूजिक के बाद अगर कोई क्रिएटिव हाई महसूस करता है, तो वो एक डायरेक्टर ही होता है.”
रणबीर कपूर फिलहाल अपने लाइन-अप में शामिल कई मेगा बजट सीक्वेल्स को लेकर चर्चा में हैं. इनमें संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’, ‘रामायण पार्ट 2’, ‘एनिमल पार्क’ और ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 2: देव’ भी हैं.
ये भी पढ़े : ‘लव एंड वॉर’ में रणबीर का खूंखार अंदाज, खून से लथपथ हाथ ने बढ़ाई फैंस की धड़कनें












