जेएसडब्ल्यू इंस्पायर ने भारत के ओलंपिक अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को किया और मजबूत; ग्लासगो 2026 राष्ट्रमंडल खेलों और 2026 एशियाई खेलों के लिए टीम इंडिया का आधिकारिक स्पोर्ट्स परफॉर्मेंस और लाइफस्टाइल पार्टनर बना
मुंबई : भारत के ओलंपिक अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए जेएसडब्ल्यू ग्रुप ने इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (आईओए) के साथ अपनी साझेदारी को आगे बढ़ाया है।
ग्रुप का एक्टिववियर ब्रांड जेएसडब्ल्यू इंस्पायर ग्लासगो में 23 जुलाई से 2 अगस्त तक होने वाले 2026 राष्ट्रमंडल खेलों और 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान में आयोजित होने वाले 2026 एशियाई खेलों के लिए भारतीय दल का आधिकारिक स्पोर्ट्स परफॉर्मेंस और लाइफस्टाइल पार्टनर बना रहेगा।
यह साझेदारी 31 अक्टूबर से सेनेगल के डकार में होने वाले 2026 आईओसी यूथ ओलंपिक गेम्स तथा 28 नवंबर से सऊदी अरब के रियाद में शुरू होने वाले 2026 एशियन इंडोर एंड मार्शल आर्ट्स गेम्स तक भी जारी रहेगी।
यह साझेदारी दुनिया के सबसे बड़े खेल मंचों पर भारतीय खिलाड़ियों को सशक्त बनाने की जेएसडब्ल्यू ग्रुप की लंबे समय से चली आ रही प्रतिबद्धता का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है।
टोक्यो ओलंपिक 2020 से ही जेएसडब्ल्यू इंस्पायर भारत के शीर्ष खिलाड़ियों की आधिकारिक किट रहा है। इसके तहत भारतीय टीम ने बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेल, हांगझोउ 2022 एशियाई खेल, पेरिस 2024 ओलंपिक में हिस्सा लिया और अब 2026 में भारतीय खेलों के एक नए अध्याय की ओर बढ़ रही है।
इस साझेदारी का विस्तार भारत के ओलंपिक मिशन के प्रति जेएसडब्ल्यू ग्रुप की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह सिर्फ प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं है,
बल्कि खिलाड़ियों के विकास, विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना, हाई-परफॉर्मेंस सेंटर, उत्कृष्ट कोचिंग और जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने में निरंतर निवेश के माध्यम से कंपनी भारतीय खिलाड़ियों की नई पीढ़ी तैयार करने में अहम भूमिका निभा रही है।
जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के संस्थापक एवं निदेशक पार्थ जिंदल ने कहा, ‘रुकना नहीं है’ हमारे लिए सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि हमारी सोच और हमारी पहचान है। हमने हमेशा भारत में खेलों के विकास के लिए पूरे समर्पण के साथ काम किया है। हमारे लिए इससे बड़ा गर्व कुछ नहीं कि भारतीय खिलाड़ी वैश्विक मंच पर देश का नाम रोशन करें।
शुरू से ही हमारा लक्ष्य ऐसा ब्रांड बनाना था जो भारत की पहचान से जुड़ा हो और प्रदर्शन के लिहाज से विश्वस्तरीय हो। हमारी नई कलेक्शन खिलाड़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। आईओए के साथ यह साझेदारी देशभर में खेलों को बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।
हमें खुशी है कि भारतीय खिलाड़ी एक बार फिर हमारी जर्सी पहनेंगे। मैं हर भारतीय से अपील करता हूं कि वह यह जर्सी खरीदे, गर्व के साथ पहने और टीम इंडिया का समर्थन करे। यह जर्सी हमारे लिए एक कवच की तरह है।
इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा, “जेएसडब्ल्यू ग्रुप वर्षों से भारत के ओलंपिक अभियान का मजबूत सहयोगी रहा है।
उनकी दूरदर्शी सोच और निरंतर समर्थन ने अनेक खिलाड़ियों को अपने सपने पूरे करने और देश को गौरव दिलाने में मदद की है। भारतीय खेलों के लिए उनके सहयोग के लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं और इस सार्थक साझेदारी को आगे भी जारी रखने की उम्मीद करते हैं।”
लंबी दूरी की धाविका पारुल चौधरी ने कहा, “एक खिलाड़ी के तौर पर हम प्रशिक्षण, यात्रा और प्रतियोगिताओं में लंबे समय तक सक्रिय रहते हैं।
ऐसे में हमारा परिधान हमारे प्रदर्शन और रिकवरी दोनों पर असर डालता है। जेएसडब्ल्यू इंस्पायर आराम, उपयोगिता और स्टाइल का बेहतरीन संतुलन देता है, जिससे हम पूरी तरह अपने प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित कर पाते हैं।
ये भी पढ़ें : यूपी के बागपत एफसी ने भारतीय फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर रखे कदम
टीम इंडिया की किट पहनना हमेशा भावुक पल होता है और जब यह खिलाड़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई हो तो उसका महत्व और बढ़ जाता है।”
भारतीय स्टार मुक्केबाज प्रीति साई पवार ने कहा, “हर खिलाड़ी ऐसा परिधान चाहता है जो उसके प्रदर्शन को बेहतर बनाए, आरामदायक हो और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं की जरूरतों के अनुरूप हो।
जेएसडब्ल्यू इंस्पायर इन सभी पहलुओं पर पूरी तरह खरा उतरता है। प्रशिक्षण हो या रिकवरी, यह हमें वह आराम और आत्मविश्वास देता है जिसकी जरूरत होती है।”
जेएसडब्ल्यू इंस्पायर अब भारत की खेल महत्वाकांक्षाओं का प्रतीक बन चुका है। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच मुकाबला करने उतरने वाले भारतीय खिलाड़ी इसे गर्व के साथ पहनते हैं।
जैसे-जैसे टीम इंडिया एक नए अंतरराष्ट्रीय अभियान की तैयारी कर रही है, जेएसडब्ल्यू इंस्पायर एक बार फिर खिलाड़ियों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा और उत्कृष्टता, दृढ़ता तथा राष्ट्रीय गर्व की भावना का प्रतीक बनेगा।
फैंस 15 जुलाई 2026 से जेएसडब्ल्यू इंस्पायर का आधिकारिक मर्चेंडाइज खरीद सकेंगे। यह 23 जुलाई 2026 से मिंत्रा और अजियो सहित प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध होगा।











