नई दिल्ली : कर्नाटक ने अंडर-13 अस्मिता नेशनल फुटबॉल लीग का खिताब अपने नाम किया, जब उन्होंने गुरुवार को माहिलपुर में खेले गए फाइनल में मेजबान पंजाब को पेनाल्टी शूटआउट में 5-4 से हराया। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ था।
ग्रुप बी में शामिल कर्नाटक ने अपने अभियान की शुरुआत राजस्थान के खिलाफ 2-1 की जीत से की। इसके बाद झारखंड के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला और असम को 3-0 से हराकर नॉकआउट चरण में जगह बनाई। सेमीफाइनल में कर्नाटक ने मिजोरम को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
मेजबान पंजाब के खिलाफ फाइनल मुकाबला 1-1 से बराबरी पर खत्म हुआ, जिसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में कर्नाटक ने 5-4 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। कर्नाटक की शुभथ्रा ए ने 31वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि पंजाब की तनवीर कौर ने 38वें मिनट में बराबरी दिलाई।
सडन डेथ में मधुमेथा के ने निर्णायक पेनाल्टी गोल कर कर्नाटक को जीत दिलाई। राष्ट्रीय चरण में आठ टीमों को दो समूहों में बांटा गया था, जहां प्रत्येक समूह की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं।
2025-26 अंडर-13 अस्मिता फुटबॉल लीग सीजन की शुरुआत सिटी लीग से हुई थी, जिसका आयोजन भारत के 25 राज्य संघों द्वारा किया गया। प्रत्येक में आठ टीमों ने 9v9 प्रारूप में नॉकआउट टूर्नामेंट खेले, जिसमें कुल 392 टीमें और 6,500 से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए।
सिटी लीग से टीमें जोनल राउंड में पहुंचीं, जहां 20 टीमों और 280 खिलाड़ियों ने राउंड- रॉबिन प्रारूप में प्रतिस्पर्धा की। अपने-अपने जोन से सर्वश्रेष्ठ आठ टीमें राष्ट्रीय चरण के लिए क्वालिफाई हुईं।
ये भी पढ़ें : इंडियन वुमेन्स लीग का दूसरा चरण 27 अप्रैल से, कोलकाता में होगी शुरुआत













