लखनऊ पूर्वी विधानसभा के पांच पार्कों के विकास कार्यों का शिलान्यास

0
39

लखनऊ। लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के पार्कों को अधिक सुंदर, सुविधासंपन्न और जनोपयोगी बनाने की दिशा में विधायक ओपी श्रीवास्तव ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

पिछले दो दिनों में पांच पार्कों में सौंदर्यीकरण, जनसुविधाओं के विस्तार, ओपन जिम, झूलों की स्थापना, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और स्थायी मंच सहित कई विकास कार्यों की शुरुआत की गई। इससे क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।

क्षेत्रवासियों की लंबे समय से मांग थी कि विश्वास खंड स्थित हनुमंत पार्क में सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए स्थायी मंच बनाया जाए।

विभिन्न पार्कों में सौंदर्यीकरण, ओपन जिम, झूले और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था की सौगात

वहीं गायत्री पार्क में बेहतर प्रकाश व्यवस्था और बच्चों के लिए झूलों की स्थापना तथा शांति पार्क के सौंदर्यीकरण और आवश्यक सुविधाओं के विस्तार की भी मांग लगातार उठ रही थी। विधायक ने इन मांगों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों का शिलान्यास किया।

पेपर मिल वार्ड के पार्षद राजेश सिंह ‘गब्बर’ के क्षेत्र में हनुमंत पार्क, नेहरू एन्क्लेव, विश्वास खंड में लगभग 9.87 लाख रुपये की लागत से स्थायी मंच निर्माण, बाउंड्री वॉल की रंगाई-पुताई और पाथवे की मरम्मत कराई जाएगी।

गायत्री पार्क में 8.51 लाख रुपये की लागत से डेकोरेटिव लाइटें, बच्चों के झूले और सौंदर्यीकरण का कार्य होगा, जबकि शांति पार्क, विश्वास खंड-1 में 9.71 लाख रुपये की लागत से पार्क का सौंदर्यीकरण, कॉर्नर शेड और आरसीसी छतरी का निर्माण कराया जाएगा।

हनुमंत पार्क में बनेगा स्थायी मंच

इसी क्रम में राजीव गांधी प्रथम वार्ड के पार्षद संजय सिंह राठौर के क्षेत्र में एकता पार्क, विनय खंड-1 में 10 लाख रुपये की लागत से पार्क का सौंदर्यीकरण और ओपन जिम की स्थापना की जाएगी।

वहीं यूनीक पार्क (एमएम-1/480 के सामने, विनय खंड-1) में 17 लाख रुपये की लागत से बाउंड्री वॉल की रंगाई-पुताई, पाथवे का नवीनीकरण, बच्चों के झूलों की स्थापना और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी।

इस अवसर पर विधायक ओपी श्रीवास्तव ने कहा कि लखनऊ पूर्वी विधानसभा का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनभावनाओं और जनसहभागिता को साथ लेकर आगे बढ़ने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और सुविधासंपन्न बनाना उनकी प्राथमिकता है।

ये भी पढ़ें : लखनऊ पूर्वी विधानसभा ने किया नितिन नबीन का भव्य अभिनंदन

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पंक्तियों “आओ फिर से दिया जलाएँ” का उल्लेख करते हुए कहा कि इन्हीं प्रेरणादायी विचारों से प्रेरित होकर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की श्रृंखला निरंतर जारी रहेगी।

शिलान्यास कार्यक्रमों में संबंधित वार्डों के पार्षद, भाजपा के मंडल अध्यक्ष, जनकल्याण समितियों के पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here