लखनऊ। मेजबान लखनऊ ने चौक स्टेडियम के लालजी टंडन बहुउद्देश्यीय हाल में आयोजित यूपी स्टेट सब जूनियर, कैडेट, जूनियर कराटे चैंपियनशिप-2026 के पहले दिन तीन स्वर्ण पदक जीतकर शानदार शुरुआत की। मेजबान के लिए आज प्रियंका सिंह व श्रेष्ठ श्रीवास्तव के शानदार प्रदर्शन के साथ जूनियर बालक टीम काता में भी लखनऊ ने शीर्ष स्थान हासिल किया।
यूपी स्टेट सब जूनियर, कैडेट, जूनियर कराटे चैंपियनशिप-2026
कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के तत्वावधान में कराटे एसोसिएशन ऑफ लखनऊ द्वारा आयोजित चैंपियनशिप के पहले दिन गौतमबुद्ध नगर ने दो स्वर्ण जीते जबकि मुजफ्फरनगर, फर्रुखाबाद, वाराणसी कौशांबी व आगरा ने भी एक-एक स्वर्ण अपने नाम किए।
गौतमबुद्ध नगर को दो, वाराणसी, मुजफ्फरनगर और फर्रुखाबाद को एक-एक स्वर्ण
इससे पूर्व चैंपियनशिप का उद्घाटन मुख्य अतिथि इंजी.योगेश कुमार (सेवानिवृत्त निदेशक- कामर्शियल, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड) सहित विशिष्ट अतिथि उषा रानी (समाजसेवी) एवं मनोज चंदेल (संस्थापक, नेशनल बुक फेयर) ने किया। अतिथिगण का स्वागत कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के अध्यक्ष टीपी हवेलिया व महासचिव जसपाल सिंह ने स्मृति चिह्न भेंट करके किया।
आज समारोह में एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी लखनऊ के क्षेत्रीय निदेशक डा.कीर्ति विक्रम सिंह, समाजसेवी राज्यवर्द्धन पाण्डेय व आयोजन समिति के चेयरमैन संतोष कुमार जायसवाल सहित अन्य मौजूद थे।
पहले दिन खेले गए मुकाबलों में कैडेट बालिका कुमिते (14-15 वर्ष, 54 किग्रा से कम) में गौतमबुद्ध नगर की दिव्या ने स्वर्ण जीता। बलिया की पलक गुप्ता को रजत एवं वाराणसी की आर्या मौर्या व प्रयागराज की बदीरा को कांस्य पदक मिला।
जूनियर बालिका व्यक्तिगत काता (16-17 वर्ष) में लखनऊ की प्रियंका सिंह ने सबको पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता। इस वर्ग में वाराणसी की शीतल सिंह ने रजत अपने नाम किया जबकि लखनऊ की अलीशा सिंह व गौतमबुद्ध नगर की ऐशानी शर्मा को कांस्य पदक मिला।
कैडेट बालक व्यक्तिगत काता (14-15 वर्ष) में लखनऊ के श्रेष्ठ श्रीवास्तव ने सव्रश्रेष्ठ प्रदर्शन से स्वर्ण जीता। वहीं मुजफ्फरनगर के अरहम ने रजत जबकि गौतमबुद्ध नगर के आयुष मिश्रा व वाराणसी के रौनक चौरसिया ने कांस्य पदक जीते। जूनियर बालक टीम काता (14-17 वर्ष) में लखनऊ ने स्वर्ण जीता जबकि वाराणसी को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
जूनियर बालिका कुमिते (16-17 वर्ष, 48 किग्रा से कम) में आगरा की प्रज्ञा शर्मा ने स्वर्ण, लखनऊ की ईशान्या पाण्डेय ने रजत एवं आगरा की तन्नू बघेल व वाराणसी की नंदिनी ने कांस्य पदक जीते।
कैडेट बालक कुमिते (14-15 वर्ष, 63 किग्रा से कम) मे मुजफ्फरनगर के मोहम्मद अरहम ने स्वर्णिम सफलता हासिल की। इस वर्ग में गौतमबुद्ध नगर के संदीप विश्वकर्मा को रजत एवं गोरखपुर के दिव्यांश व वाराणसी के वेदांत मिश्रा को कांस्य पदक मिला। वहीं पैरा काता (के-21) में कौशांबी के संभव प्रताप सिंह ने स्वर्ण पदक जीता।
जूनियर बालक कुमिते (16-17 वर्ष, 76 किग्रा से कम) में गौतमबुद्ध नगर के दिव्यांश शर्मा ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भदोही के रजत तिवारी ने रजत एवं मेरठ के भारत व बुलंदशहर के विशेष चौहान ने कांस्य पदक जीते।
कैडेट बालिका कुमिते (14-15 वर्ष, 47 किग्रा से कम) में वाराणसी की रति पटेल ने स्वर्ण, बुलंदशहर की अरीबा ने रजत एवं कानपुर की प्राप्ति विश्वकर्मा व प्रयागराज की आराध्या ने कांस्य पदक जीते। कैडेट बालिका कुमिते (14-15 वर्ष, 61 किग्रा से कम) में फर्रुखाबाद की अर्पिता ने स्वर्ण व पाखी ने रजत एवं कौशांबी की आरोही मिश्रा व बुलंदशहर की तमन्ना ने कांस्य पदक जीते।












