लखनऊ स्पोर्ट्स ताइक्वांडो एंड पैरा ताइक्वांडो की दिव्यांग प्लेयर्स के लिए पहल

0
47

लखनऊ। ताइक्वांडो खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लखनऊ स्पोर्ट्स ताइक्वांडो एंड पैरा ताइक्वांडो कमेटी की आम सभा का आयोजन राजाजीपुरम स्थित लखनऊ मॉडल पब्लिक इंटर कॉलेज, सूर्य नगर में किया गया।

बैठक में दिव्यांग खिलाड़ियों को निशुल्क प्रशिक्षण देने के साथ उनकी ड्रेस, कलर बेल्ट परीक्षा शुल्क और प्रतियोगिता खर्च संस्था द्वारा वहन किए जाने की घोषणा की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे यूपी ताइक्वांडो एसोसिएशन (पंजीकृत) के महासचिव हरीश पाल ने ताइक्वांडो खेल से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

उन्होंने कलर बेल्ट परीक्षा और प्रतियोगिताओं के शुल्क में सुधार का आश्वासन देते हुए प्रशिक्षकों को बताया कि काफी समय से ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीएफआई) द्वारा कोई आई-कार्ड जारी नहीं किया जा रहा है, इसलिए आई-कार्ड के नाम पर किसी प्रकार का शुल्क किसी को न दिया जाए।

सभा में संघ का विस्तार करते हुए डॉ. अमित सिंह को लखनऊ का चेयरमैन तथा अभिषेक बाजपेई को सर्वसम्मति से कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष इरफान शेख, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वर्षा मौर्य और उपाध्यक्ष अनिल सिंह सहित कई प्रशिक्षक और पदाधिकारी मौजूद रहे।

नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष अभिषेक बाजपेई ने कहा कि संस्था लखनऊ जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ ताइक्वांडो के प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान देगी। उन्होंने कहा कि यह लखनऊ जिले की पहली ऐसी ताइक्वांडो संस्था होगी जो दिव्यांग खिलाड़ियों को पूरी तरह निशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगी।

संस्था के सचिव अतुल यादव ने सभी अतिथियों और प्रशिक्षकों का आभार जताते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना और प्रशिक्षकों को एक मजबूत मंच प्रदान करना है। उन्होंने सभी प्रशिक्षकों से एकजुट होकर ताइक्वांडो खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

ये भी पढ़ें : लखनऊ के ताइक्वांडो सितारों ने राष्ट्रीय पटल पर 6 स्वर्ण सहित जीते 10 पदक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here