लखनऊ। मेजबान लखनऊ के खिलाड़ियों ने अपना दबदबा जारी रखते हुए यूपी स्टेट सब जूनियर, कैडेट, जूनियर कराटे चैंपियनशिप-2026 के तीसरे दिन 6 स्वर्ण पदक जीतते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए मजबूत दावेदारी कर दी।
यूपी स्टेट सब जूनियर, कैडेट, जूनियर कराटे चैंपियनशिप-2026
वहीं गौतमबुद्धनगर ने रविवार को जबदरस्त वापसी करते हुए सात स्वर्ण पदक अपने नाम किए जबकि अलीगढ़ के खिलाड़ियों ने आज तीन स्वर्ण जीते।
कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के तत्वावधान में कराटे एसोसिएशन ऑफ लखनऊ के द्वारा चौक स्टेडियम के लालजी टंडन बहुउद्देश्यीय हाल में आयोजित चैंपियनशिप में लखनऊ
ने तीसरे दिन 6 स्वर्ण, 4 रजत व 7 कांस्य पदक जीते और मेजबान टीम अब तक कुल 14 स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुकी है। वहीं आज गौतमबुद्धनगर ने सात स्वर्ण, तीन रजत व दो कांस्य जीते।
तीसरे दिन मेजबान लखनऊ के लिए अरहम खान ने सब जूनियर बालक व्यक्तिगत काता (13 वर्ष) में, विनायक शर्मा ने सब जूनियर बालक व्यक्तिगत काता (6 वर्ष) में, सरन खत्री ने सब जूनियर बालक व्यक्तिगत काता (9 वर्ष) में, करन खत्री ने बालक कुमिते (12 वर्ष, 45 किग्रा से कम) में, आर्यवीर सिंह ने सब जूनियर बालक व्यक्तिगत काता (10 वर्ष) में और अरहम, आरव व तनिश की जोड़ी ने सब जूनियर बालक टीम काता (10–13 वर्ष) में स्वर्ण पदक जीते।
मेजबान के लिए रजत पदक तोयेश पाल ने सब जूनियर बालक व्यक्तिगत काता (13 वर्ष) में, कृष्णा यादव ने सब जूनियर बालक व्यक्तिगत काता (8 वर्ष) में, आर्यवीर, रुद्र व सरन की जोड़ी ने सब जूनियर बालक टीम काता (10–13 वर्ष) में और अक्षय ने सब जूनियर बालक कुमिते (11 वर्ष, 30 किग्रा से कम) में जीते।
वहीं शिखर ने सब जूनियर बालक कुमिते (13 वर्ष, 65 किग्रा से अधिक) में, नैमिष पांडेय ने सब जूनियर बालक व्यक्तिगत काता (13 वर्ष) में, आर्यवीर सिंह ने सब जूनियर बालक कुमिते (10 वर्ष, 30 किग्रा से कम) में, रियांश सक्सेना और इवान अत्रेय ने सब जूनियर बालक व्यक्तिगत काता (10 वर्ष) में कांस्य पदक जीते।
रविवार रात तक चलने वाले मुकाबलों के साथ ही इस तीन दिवसीय चैंपियनशिप का समापन होगा। खेल के अंतिम परिणामों के आधार पर ही ओवरऑल विजेता टीम की घोषणा की जाएगी, जिसकी विस्तृत रिपोर्ट सोमवार को जारी होगी।
ये भी पढ़ें : दूसरे दिन पांच स्वर्ण सहित जीते 13 पदक, लखनऊ का दबदबा













