मथुरा ब्रज स्टार ने जीती ‘टाटा कैपिटल यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ की विजेता ट्रॉफी

0
36

लखनऊ। मथुरा ब्रज स्टार ने तेज एक्शन से भरे रोमांचक मुकाबले में ‘टाटा कैपिटल यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ के पहले सीजन की विजेता ट्रॉफी अपने नाम करने का गौरव हासिल किया।

केडी सिंह बाबू स्टेडियम के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में खेली गई लीग के हाईवोल्टेज फाइनल में मथुरा ब्रज स्टार ने गोरखपुर राउडीज़ को 44-38 के अंतर से पराजित किया।

फाइनल में गोरखपुर राउडीज़ को 44-38 से दी शिकस्त

उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा टाटा कैपिटल के सहयोग से आयोजित इस लीग के फाइनल में दोनों ही टीमों के बीच जबरदस्त प्रतिद्वंद्विता देखने को मिली। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर ताबड़तोड़ अटैक किए। पहले हॉफ में दोनों टीमें 21-21 से बराबरी पर रही।

दूसरे हॉफ में मथुरा ब्रज स्टार ने बदली रणनीति के साथ खेलना शुरू किया और उसके खिलाड़ियों ने खासी चपलता दिखाई और मैच का पासा पलटते हुए फाइनल अपने नाम कर लिया।

मथुरा की जीत के नायक अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी रोहिताश रहे जिन्होंने सबसे ज्यादा 14 गोल दागे। उन्हें मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर का पुरस्कार मिला। वहीं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी रवि ने 11 गोल करते हुए उनका बखूबी साथ दिया। इसके अलावा आइकन प्लेयर निहाल ने आठ, याहिया ने 6, शिवा ने तीन व सूर्या ने दो गोल किए।

विजेता को मिला दो लाख रुपए का पुरस्कार व विजेता ट्रॉफी, उपविजेता को  एक लाख का पुरस्कार

दूसरी ओर गोरखपुर राउडीज़ से मोहम्मद शूजा व कृष्ण ने सबसे ज्यादा 10-10 गोल किए। इसके अलावा दीपक ने पांच, सुनील व पवन ने 4-4 और हैप्पी ने तीन गोल दागे हालांकि निर्णायक मौकों पर चूक टीम पर भारी पड़ी।

समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि मोहसिन रजा (पूर्व मंत्री- उत्तर प्रदेश सरकार व पूर्व रणजी क्रिकेटर) ने पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने विजेता मथुरा ब्रज स्टार को चमचमाती ट्रॉफी व दो लाख रुपए का नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

वहीं उपविजेता गोरखपुर राउडीज़ को एक लाख रुपए का पुरस्कार मिला। वहीं लीग में मथुरा ब्रज स्टार के रोहिताश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 49 गोल दागे। उन्हें प्लेयर ऑफ द लीग के पुरस्कार के तौर पर टीवीएस एक्सट्रीम 125 मोटरसाइकिल की चाबी सौंपी गई।

‘प्लेयर ऑफ द लीग’ रोहिताश को इनाम में मिली टीवीएस एक्सट्रीम मोटरसाइकिल

समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर सीमा द्विवेदी (राज्यसभा सांसद) की भी गरिमामयी मौजूदगी रही। समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए लीग के सीईओ डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने अतिथिगण का स्वागत किया। वहीं लीग के संस्थापक व प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय ने सभी का आभार जताया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विनय कुमार सिंह व संयुक्त सचिव डॉ. सुमंत पाण्डेय, लीग चेयरमैन संतोष कुमार पाण्डेय, सचिव यशवीर सिंह व चयंक प्रधान, एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट की ट्रस्टी उपमा पाण्डेय सहित भारी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : कृष्ण का निर्णायक गोल, गोरखपुर राउडीज़ शीर्ष पर, फाइनल में भी एंट्री

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here