लखनऊ। एसकेडी एकेडमी की वृन्दावन शाखा में मदर्स डे के अवसर पर एक भव्य एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
पूरे विद्यालय परिसर को आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगे पोस्टर एवं विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विशेष संदेशों से सजाया गया, जिसने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। बच्चों ने गीत, नृत्य, कविता पाठ, नाटक एवं भाषण के माध्यम से मां के त्याग, प्रेम और समर्पण को भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर मनीष सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मां केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास, संस्कार एवं सफलता के पीछे मां की अथक मेहनत और समर्पण छिपा होता है।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपने माता-पिता का सम्मान करने तथा जीवन में सदैव उनके आदर्शों का पालन करने की प्रेरणा दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने भी मदर्स डे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में पारिवारिक मूल्यों, संवेदनशीलता एवं सामाजिक जिम्मेदारियों की भावना को मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा आयोजित इस भावनात्मक आयोजन की सराहना करते हुए इसे अत्यंत प्रेरणादायक बताया।
पूरे आयोजन में विद्यार्थियों का उत्साह विशेष रूप से देखने को मिली। यह कार्यक्रम सभी के लिए यादगार एवं प्रेरणादायक बन गया। कार्यक्रम के दौरान माताओं के लिए कई मनोरंजक खेल एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिनमें माताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विजेता माताओं को विद्यालय की ओर से आकर्षक उपहार एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने अपनी माताओं को मंच पर बुलाकर उन्हें विशेष उपहार भी भेंट किए,
जिससे कार्यक्रम का माहौल अत्यंत भावनात्मक हो गया। इस अवसर पर विद्यालय उप-निदेशक सुश्री निशा सिंह, सहायक निदेशक सुश्री कुसुम बत्रा उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : NEET 2026: फिजिक्स ने बढ़ाई चुनौती, कट-ऑफ 630 तक जाने के संकेत













