लखनऊ। ट्रैक और पर्वतारोहण में राष्ट्रीय एथलीट और एक उत्साही साइकिल चालक आशा मालवीय को सम्मानित करने के लिए लखनऊ ग्रुप मुख्यालय के तत्वाधान में लखनऊ विश्वविद्यालय स्थित 64 यूपी एनसीसी बटालियन द्वारा एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय के अपर महानदेशक मेजर जनरल विक्रम कुमार ने आशा मालवीय को सम्मानित किया। अपने संबोधन में मेजर जनरल विक्रम कुमार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में इस साहसिक अभियान के लिए आशा मालवीय को प्रोत्साहित किया और उनकी सराहना की।
आशा मालवीय 25000 किलोमीटर की एकल साइकिल यात्रा के मिशन पर हैं और उन्होंने 19000 किलोमीटर की दूरी तय की है। 22 अन्य राज्यों से गुजरते हुए उत्तर प्रदेश पहुंची हैं जो 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर संपन्न होगी। उनकी इस यात्रा की शुरुआत गत वर्ष 1 नवंबर 2022 को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के साथ शुरू हुई थी।
ये भी पढ़ें : सेना ने कैप्टन मनोज पांडेय को उनके 24वें शहादत दिवस पर अर्पित की श्रद्धांजलि
लखनऊ प्रवास के दौरान आशा मालवीय ने 2 जुलाई को कमिश्नर कैंप कार्यालय में लखनऊ की मंडलायुक्त रोशन जैकब से भी मुलाकात की थी।
आशा मालवीय ने भी अपने जीवन से जुड़ी अनुभवों को एनसीसी कैडेटों एवं उपस्थितजनों से साझा किया। इस कार्यक्रम के दौरान लखनऊ ग्रुप मुख्यालय के कमांडर ब्रिगेडियर नीरज पुनेठा और अन्य बटालियन के ऑफिसर्स, पीआई स्टाफ, एएनओ और एनसीसी कैडेट वहां मौजूद थे।











