कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (ATMA) सीतामढ़ी एवं मुजफ्फरपुर, बिहार द्वारा चयनित किसानों को औषधीय एवं सगंध पौधों व खेती, प्रसंस्करण एवं विपणन तकनीकियों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सीएसआईआर-केन्द्रीय औषधीय एवं सगंध पौधा संस्थान (सीएसआईआर-सीमैप), लखनऊ मे प्रारम्भ किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम मे बिहार राज्य के सीतामढ़ी एवं मुजफ्फरपुर जनपद के 42 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इस कार्यक्रम को आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य यह है कि
बिहार राज्य के सीतामढ़ी एवं मुजफ्फरपुर जनपद के किसानों को औषधीय एवं सगंध पौधों की खेती के साथ-साथ इनसे बनने वाले उत्पादों की तकनीकी को भी सिखाया जाये ताकि किसान सीधा लाभ प्राप्त कर सकें। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम एरोमा मिशन-III के अन्तर्गत किया जा रहा है।
कार्यक्रम के उदघाटन सत्र मे एरोमा मिशन के परियोजना समन्वयक और मुख्य वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुये बताया कि सीएसआईआर-सीमैप पिछले 60 वर्षों से औषधीय एवं सगंध पौधों की खेती मे किसानों को प्रोत्साहित कर रहा है, तथा नई-नई कृषि तकनीकी, पौध सामग्री एवं उन्नतशील प्रजातियां किसानों को उपलब्ध करा रहा है।
जिसके फलस्वरूप लाखों किसानों को प्रत्यक्ष तथा अप्रत्यक्ष रूप से लाभ पहुंचा है। किसानों ने संस्थान की विकसित उन्नत प्रजातियों एवं तकनीकों को अपनाकर देश को मेंथा तथा नीबूघास के तेल के उत्पादन मे विश्व मे प्रथम स्थान बनाया है।
हमे आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि आप लोग यहाँ से प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने-अपने जिलों के किसानों को औषधीय, सगंध पौधों व फूलों की खेती प्रति जागरूक करेंगे।
इस तरह सभी लोग मिल कर कार्य करेंगे तो दूसरे सगंधीय तेलों जैसे खस, पामारोजा व अन्य सगंधीय तेलों में आत्मनिर्भरता के साथ हम निर्यात भी कर सकेंगे।
उन्होने आगे कहा कि मुझे आशा है कि अगले चार दिनों मे वैज्ञानिकों द्वारा औषधीय एवं सगंध पौधों की खेती, प्राथमिक प्रसंस्करण व विपणन विषय पर विस्तार से जानकारी प्रदान किया जाएगा।
आज के तकनीकी सत्र मे डॉ. राम सुरेश शर्मा ने संस्थान द्वारा प्रदत्त सेवाओं व गतिविधियों के बारे में विस्तार से प्रतिभागियों को बताया तथा दीपक कुमार वर्मा ने खस के उत्पादन की उन्नत कृषि क्रियायें प्रतिभागियों से साझा की।
तत्पश्चात डॉ. राम सुरेश शर्मा ने तुलसी के उत्पादन की उन्नत कृषि क्रियायें के बारे में प्रतिभागियों को जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर सीएसआईआर-सीमैप के डॉ. संजय कुमार, डॉ. आर. के. श्रीवास्तव, डॉ. राम सुरेश शर्मा, दीपक कुमार वर्मा, श्रीमती रजनी गौतम व एवं शोधार्थी इत्यादि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : सीमैप में विज्ञान उत्सव की गूंज, आईआईएसएफ-2025 को लेकर दिखा जोश












