लखनऊ। महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश पीसी मीना ने शुक्रवार को कारागार मुख्यालय, लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की जेलों की व्यवस्थाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। बैठक में प्रदेश के सभी परिक्षेत्रीय उप महानिरीक्षकों तथा वरिष्ठ अधीक्षक, अधीक्षक और प्रभारी अधीक्षक कारागार शामिल हुए।
कारागारों की व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए डीजी जेल पीसी मीना ने की समीक्षा बैठक
महानिदेशक ने विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में मानव संपदा पोर्टल पर कार्मिकों के अभिलेख अपलोड करने और विभाग के सभी पदों को पोर्टल पर दर्ज करने की स्थिति की समीक्षा की गई।
पीसी मीना ने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आदर्श कारागार में बंदियों के स्थानांतरण के संबंध में प्रस्ताव उपलब्ध कराने और प्रदेश की विभिन्न जेलों में लगे जार्विस सीसीटीवी कैमरों को मुख्यालय की वीडियो वॉल से जोड़ने की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
उन्होंने निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों की देखभाल से जुड़े विषय भी समीक्षा के एजेंडे में शामिल रहे। इस संबंध में आयोजित की जाने वाली जनपद स्तरीय बैठकों की स्थिति की जानकारी ली गई।
वहीं, जेलों में बंदियों से मुलाकात के दौरान तलाशी की व्यवस्था को प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया गया। दिव्यांग बंदियों की सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उनके दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी करने की स्थिति, मुलाकात के लिए पृथक व्यवस्था और रैम्प जैसी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता पर भी चर्चा की गई।
ये भी पढ़ें : कारागार पेंशनर्स एसोसिएशन की वार्षिक स्मारिका ‘सेवा स्मृति’ का विमोचन
महानिदेशक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने और इस संबंध में लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
पीसी मीना ने अधिकारियों से कहा कि बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए लंबित कार्यों का निर्धारित समय में निस्तारण किया जाए। उन्होंने कारागार प्रशासन में तत्परता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बनाए रखने पर बल दिया, ताकि जेलों की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में अपर महानिरीक्षक कारागार प्रशासन धर्मेंद्र सिंह, उपमहानिरीक्षक कारागार प्रदीप गुप्ता और सुभाष चंद्र शाक्य, वित्त नियंत्रक आबिद अली अंसारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।













