ऋभव सरोहा का धमाल, युगल ट्रॉफी जीती, एकल फाइनल में भी बनाई जगह

0
16

लखनऊ। उभरते हुए भारतीय टेनिस सितारे ऋभव सरोहा आईटीएफ जूनियर जे30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट में दोहरे खिताब के करीब पहुंच चुके हैं। ऋभव ने आरव चावला के साथ जोड़ी बनाकर खेलते हुए शुक्रवार को बालक युगल की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं सरोहा ने बालक एकल सेमीफाइनल में शीर्ष वरीय ओम पटेल के खिलाफ उलटफेर भरी रोमांचक जीत के साथ फाइनल में जगह बना ली।

आईटीएफ जूनियर जे30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट

अब फाइनल में उनका मुकाबला क्वालीफायर पार्थिव नल्लागुंडला से होगा। बालिका एकल के सेमीफाइनल में तीसरी वरीय भारत की कार्तिका पद्मकुमार व चौथी वरीय हर्षा कार्तिका ओरुगांती ने खिताबी होड़ में प्रवेश किया। बालिका युगल में एंजल पटेल व रिद्धि शिंदे की जोड़ी विजेता बनीं।

बालक युगल में सरोहा व आरव चैंपियन, बालिकाओं में एंजल व रिद्धि विजेता

उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन व केसरी स्पोर्ट्स द्वारा मिनी स्टेडियम विजयंतखंड गोमतीनगर के टेनिस कोर्ट पर आयोजित टूर्नामेंट में शुक्रवार को युगल में फाइनल व एकल में सेमीफाइनल मैच खेले गए।

शनिवार को खेले जाएंगे एकल के फाइनल मुकाबले

बालक युगल का खिताब भारत के ऋभव सरोहा व आरव चावला ने जीता जिन्होंने फाइनल में चुक्का लक्ष्य वर्धन व परंजय सिवाच को सीधे सेटों में 6-1, 6-1 से मात दी। सरोहा व चावला ने कोर्ट पर शानदार जुगलबंदी का प्रदर्शन किया और प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाते हुए आसान जीत दर्ज की।

बालिका युगल के फाइनल में भारत की एंजल पटेल व रिद्धि शिंदे ने अक्षिता अंतिल व शेरी शर्मा को एक घंटा 50 मिनट चले रोमांचक मुकाबले में 6-3, 7-5 से हराया। मैच में दोनों ही जोड़ियों ने बेहतरीन रैलियों का मुजाहिरा पेश किया और प्रतिद्वंद्वी जोड़ियों को अंक जुटाने का मौका भी आसानी से नहीं दिया।

युगल के विजेताओं को मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष डा.नवनीत सहगल (सेवानिवृत्त आईएएस) ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल सहित आयोजन समिति के चेयरमैन कर्नल नरेश रज़ोरा, एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष बीसी तिवारी, भारत के पूर्व डेविस कप खिलाड़ी सिद्धार्थ विश्वकर्मा सहित आयोजन सचिव समित केसरी की भी गरिमामयी मौजूदगी रही।

शुक्रवार को बालक एकल के पहले सेमीफाइनल में ऋभव सरोहा ने शीर्ष वरीय ओम पटेल के खिलाफ वापसी करते हुए 6-4, 7-5 से जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया। ऋभव सरोहा ने आक्रामक खेल व बेहतरीन शॉट का नजारा पेश किया। मैच में दोनों खिलाड़ियों के बीच हर अंक के लिए जोरदार संघर्ष देखने को मिला।

पहले सेट में सरोहा 4-2 से पिछड़ रहे थे लेकिन प्रतिद्वंद्वी के सर्व का जवाब देते हुए उन्होंने बेहतरीन वापसी की और जीत दर्ज की। दूसरा सेट भी सरोहा ने जुझारुपन का परिचय देते हुए महत्वपूर्ण मौकों का फायदा उठाकर अपने नाम कर लिया।

सरोहा ने पिछले सप्ताह भुवनेश्वर में आयोजित आईटीएफ जे 30 टेनिस टूर्नामेंट में बालक एकल खिताब जीता था। बालक एकल के दूसरे सेमीफाइनल में क्वालीफायर से मुख्य ड्रा में पहुंचे दो क्वालीफायर खिलाड़ी पार्थिव नल्लागुंडला व श्रेयंत महंतेशा आमने-सामने थे जिसमें पार्थिव ने 6-4, 6-1 से जीत अपने नाम की।

बालिका एकल के पहले सेमीफाइनल में चौथी वरीय भारत की हर्षा कार्तिका ओरुगांती ने छठीं वरीय तेजस्वी मन्नेनी को 6-4, 6-2 से हराया। हर्षा ने पहला सेट तेज शॉट व बेहतरीन सर्विस की बदौलत अपने नाम किया।

वहीं दूसरे सेट में भी दबाव बनाए रखते हुए उन्होंने जीत दर्ज की। दूसरे सेमीफाइनल में तीसरी वरीय भारत की कार्तिका पद्मकुमार ने हमवतन नीशा एंजा को 6-4, 6-1 से हराया। यह मुकाबला भी खासा रोमांचक रहा लेकिन कार्तिका ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए जीत दर्ज की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here