गोवा : भारत की युवा खिलाड़ी सयाली वानी ने बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) पावर्ड बाय चैटजीपीटी के सीजन-7 का अब तक का सबसे रोमांचक मुकाबला अपने नाम करते हुए लगातार तीन टाई पॉइंट बचाए और फिर गोल्डन पॉइंट पर भारत की स्टार खिलाड़ी मनिका बत्रा को हराकर यूपी प्रोमेथियंस को सीजन की पहली जीत दिलाई।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए इस मुकाबले में यूपी ने अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स को 8-7 से हराया। मुकाबले का फैसला रात के आखिरी मैच में हुआ, जहां सयाली ने यादगार वापसी की। पहला गेम 5-11 से गंवाने के बाद उन्होंने दूसरे गेम में 3-7 से पिछड़ने के बावजूद 11-8 से जीत दर्ज की।
बटरफ्लाई यूटीटी सीजन-7 : अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स को 8-7 से हराया
निर्णायक गेम में वह 7-10 से पीछे थीं और यूपी हार के बेहद करीब था, लेकिन सयाली ने लगातार तीन टाई पॉइंट बचाकर मुकाबले को गोल्डन पॉइंट तक पहुंचाया और फिर शानदार संयम दिखाते हुए जीत अपने नाम कर ली। इस तरह उन्होंने भारतीय टेबल टेनिस की सबसे बड़ी खिलाड़ियों में से एक मनिका बत्रा के खिलाफ शानदार उलटफेर किया।

टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) के तत्वावधान में तथा नीरज बजाज और वीटा दानी द्वारा प्रमोट किए जा रहे बटरफ्लाई यूटीटी सीजन-7 में दुनिया भर के 42 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 14 ओलंपियन शामिल हैं। लीग का उद्देश्य भारत में टेबल टेनिस के विकास को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धा उपलब्ध कराना है।
मुकाबले की शुरुआत उतार-चढ़ाव भरी रही। पायस जैन ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए सुधांशु ग्रोवर को हराया। इसके बाद सोफिया पोलकानोवा ने दो बार की बटरफ्लाई यूटीटी एमवीपी यांगजी लियू को मात देकर अहमदाबाद को शुरुआती बढ़त दिलाई।
यूपी ने इसके बाद जोरदार वापसी की। रिकार्डो वाल्थर और स्वास्तिका घोष की जोड़ी ने मिश्रित युगल मुकाबला सीधे तीन गेम में जीता। इस दौरान दोनों ने दो बार गोल्डन पॉइंट पर जीत दर्ज करते हुए मुकाबले का रुख पूरी तरह यूपी की ओर मोड़ दिया।

हालांकि एड्रियन रासेनफॉसे ने वाल्थर को तीन गेम तक चले मुकाबले में हराकर स्कोर फिर बराबर कर दिया। दूसरे गेम में पिछड़ने के बावजूद उन्होंने वापसी करते हुए जीत हासिल की, जिससे मुकाबले का फैसला महिला एकल पर आ गया। इसके बाद सयाली ने अपने करियर की यादगार जीत दर्ज करते हुए यूपी को सीजन की पहली जीत दिला दी।
सयाली वानी को इंडियन प्लेयर ऑफ द टाई चुना गया, जबकि स्वास्तिका घोष को चैटजीपीटी मैच आईक्यू प्लेयर ऑफ द टाई का पुरस्कार मिला। रिकार्डो वाल्थर को फॉरेन प्लेयर ऑफ द टाई और एड्रियन रासेनफॉसे को बिसलेरी शॉट ऑफ द टाई सम्मान से नवाजा गया।
ये भी पढ़ें : स्ज़ॉक्स के दम पर डेम्पो गोवा की लगातार जीत, कोलकाता को 8-7 से हराया
ये भी पढ़े : पृथिका और स्नेहित ने पीबीजी पुणे जैगुआर्स को दिलाई रोमांचक जीत
ये भी पढ़ें : सुतिर्था के ‘क्लीन स्वीप’ ने बचाई दिल्ली की लाज, कोलकाता की करीबी हार
इससे पहले दिन में आयोजित ड्रीम यूटीटी जूनियर्स प्रतियोगिता में दबंग दिल्ली टीटीसी ने डेम्पो गोवा चैलेंजर्स को 5-4 से हराकर शानदार प्रदर्शन जारी रखा। दिल्ली अब चौथे स्थान पर काबिज गोवा से सिर्फ एक गेम पीछे है, जबकि उसने एक मुकाबला कम खेला है।
वहीं, यूपी प्रोमेथियंस ने एचवीआर कोलकाता थंडरब्लेड्स को 6-3 से हराकर चार मुकाबलों में अपनी तीसरी जीत दर्ज की और अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया।
ये भी पढ़ें : मारिया शियाओ ने दबंग दिल्ली टीटीसी को दिलाई जीत, यूपी प्रोमेथियंस की हार
ये भी पढ़ें : डेम्पो गोवा का दमदार आगाज़, मौजूदा चैंपियन यू मुंबा टीटी को 10-5 से हराया
ये भी पढ़ें : टेबल टेनिस का महासंग्राम गुरुवार से, यूटीटी में सात टीमें करेंगी खिताब की जंग
ये भी पढ़ें : यूटीटी में पहली बार एआई करेगा अंपायरों की मदद, 20 सेकंड में मिलेगा रिव्यू
बटरफ्लाई यूटीटी सीजन-7 के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स खेल (हिंदी), स्टार स्पोर्ट्स तमिल 2 एचडी और स्टार स्पोर्ट्स तमिल 3 एचडी पर किया जा रहा है, जबकि जियोहॉटस्टार पर हिंदी, तमिल और अंग्रेजी में लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध है।
- फाइनल स्कोर
- यूपी प्रोमेथियंस 8-7 अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स
- * सुधांशु ग्रोवर हारे पायस जैन से 1-2 (11-5, 9-11, 5-11)
* यांगजी लियू हारीं सोफिया पोलकानोवा से 1-2 (11-3, 10-11, 6-11)
* रिकार्डो वाल्थर/स्वास्तिका घोष ने पायस जैन/सोफिया पोलकानोवा को 3-0 (11-9, 11-10, 11-10) से हराया
* रिकार्डो वाल्थर हारे एड्रियन रासेनफॉसे से 1-2 (6-11, 9-11, 11-9)
* सयाली वानी ने मनिका बत्रा को 2-1 (5-11, 11-8, 11-10) से हराया













