शौर्य भट्टाचार्य का शानदार आगाज, 66 के स्कोर से शीर्ष पर

0
60

ग्रेटर नोएडा: शौर्य भट्टाचार्य ने ग्रेटर नोएडा के जेपी ग्रीन्स गोल्फ एंड स्पा रिजॉर्ट में खेले जा रहे दो करोड़ रुपये की इनामी राशि वाले विश्व समुद्र प्रेजेंट्स कपिल देव इनविटेशनल टूर चैंपियनशिप पावर्ड बाय नालको के पहले राउंड में छह-अंडर 66 का स्कोर बनाकर दो शॉट की बढ़त हासिल की।

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर तीन खिताब जीत चुके 23 वर्षीय भट्टाचार्य ने सात बर्डी बनाईं और दिन की अपनी एकमात्र बोगी पार-4 आठवें होल पर की।

कपिल देव इनविटेशनल में शुभांकर शर्मा दूसरे स्थान पर

भट्टाचार्य ने रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में 14वें स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट की शुरुआत की। वह इस सत्र में एक और खिताब जीतने के करीब पहुंच चुके हैं।

उन्होंने फरवरी में डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैंपियनशिप 2026 पावर्ड बाय अर्बाना और अगस्त में कोलार ओपन 2026 प्रेजेंटेड बाय जियोन हिल्स गोल्फ काउंटी में संयुक्त उपविजेता स्थान हासिल किया था।

डीपी वर्ल्ड टूर पर दो बार के विजेता चंडीगढ़ के शुभांकर शर्मा चार-अंडर 68 के साथ दूसरे स्थान पर रहे। उनके राउंड में पार-5 12वें होल पर एक ईगल, तीन बर्डी और एक बोगी शामिल रही। शुभांकर ने अप्रैल में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के बोल्डर्स क्लासिक का खिताब जीतकर पेशेवर स्तर पर आठ वर्ष का खिताबी इंतजार समाप्त किया था।

जमाल हुसैन सहित तीन खिलाड़ी संयुक्त तीसरे स्थान पर

बांग्लादेश के जमाल हुसैन, गुरुग्राम के ध्रुव श्योराण और बेंगलुरु के मनोज एस ने दो-अंडर 70 के समान स्कोर बनाकर संयुक्त तीसरा स्थान हासिल किया। जमाल ने तीन बर्डी और एक बोगी बनाई, जबकि श्योराण ने छह बर्डी और चार बोगी दर्ज कीं।

मनोज के राउंड में पांच बर्डी और तीन बोगी शामिल रहीं। शौर्य ने शुरुआती दोनों होल पर बर्डी बनाकर जल्द ही लय हासिल कर ली। इसके बाद सटीक अप्रोच शॉट और धैर्यपूर्ण कोर्स प्रबंधन के दम पर उन्होंने अपनी लय बनाए रखी।

शौर्य ने कहा, “पहले दो होल पर बर्डी से मिली मजबूत शुरुआत ने मुझे राउंड में सहज होने में मदद की। इसके बाद मैं लगातार ग्रीन हिट करता रहा और धैर्य बनाए रखा।

एकमात्र बोगी निराशाजनक रही, लेकिन मैंने कुछ महत्वपूर्ण पट सफल किए।” अंतिम होल पर लंबा बर्डी पट सफल कर उन्होंने 66 के शानदार राउंड का समापन किया और अपनी बढ़त दो शॉट की कर ली।

उन्होंने कहा, “अंतिम होल का पट बोनस जैसा था। मुझे पता था कि दिन लंबा होने वाला है, इसलिए शांत रहना, विचारों को नियंत्रित रखना और एक समय में केवल अगले शॉट पर ध्यान देना महत्वपूर्ण था।”

टूर्नामेंट के विशिष्ट प्रो-एम प्रारूप में सभी चार राउंड के दौरान एमेच्योर खिलाड़ी पेशेवरों के साथ खेल रहे हैं। लंबे खेल कार्यक्रम के कारण मैदान के कुछ खिलाड़ियों को फ्लडलाइट में भी खेलना पड़ा।

ये भी पढ़ें : कपिल देव इनविटेशनल में होगा देश के शीर्ष 60 गोल्फरों का जमावड़ा

शौर्य ने कहा, “यह प्रारूप काफी दिलचस्प है क्योंकि हम एमेच्योर खिलाड़ियों के साथ खेल रहे हैं। अधिक समूह होने के कारण दिन भी लंबा हो जाता है। फ्लडलाइट में खेलने के लिए भी कुछ तालमेल बैठाना पड़ता है, लेकिन मैंने कुछ सप्ताह पहले इसी कोर्स पर ऐसी ही परिस्थितियों में एक टूर्नामेंट खेला था। उस अनुभव ने मुझे जल्दी ढलने में मदद की।

“परिस्थितियां सभी के लिए समान थीं। मैंने ग्रीन हिट करने, अवसर बनाने और पूरे राउंड में स्थिर लय बनाए रखने पर ध्यान दिया।” रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में शीर्ष पर चल रहे सप्तक तलवार ने तीन-ओवर 75 से शुरुआत की और वह संयुक्त 36वें स्थान पर रहे।

बुधवार को प्रो-एम टूर्नामेंट प्रोफेशनल शौर्य भट्टाचार्य और एमेच्योर डॉ. हमीदी की टीम ने जीता। उनका स्कोर 44 स्टेबल फोर्ड पॉइंट्स था और उन्होंने काउंटबैक के आधार पर जीत हासिल की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here