सीतापुर रोड स्थित सेंट जोसेफ कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा प्रिशा गुप्ता का चयन यूपीसीए अंडर-19 टीम के लिए हुआ है। प्रिशा एक परिश्रमी, ईमानदार और अनुशासित छात्रा है, जिसने हमेशा अपनी पढ़ाई के साथ-साथ क्रिकेट के प्रति अपने जुनून में भी संतुलन बनाए रखा है।
यूपीसीए अंडर-19 टीम में प्रिशा गुप्ता का चयन
प्रिशा गुप्ता ने कक्षा आठ में भी अंडर-15 वर्ग में चयनित होकर स्टेट टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन दिया था।
विद्यालय द्वारा आयोजित नीरू मेमोरियल एनुअल स्पोर्ट्स मीट ‘स्पर्धा’ में भी प्रत्येक वर्ष क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी टीम को विजय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही हैं। इसके साथ ही एथलेटिक्स में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उसने स्वर्ण पदक अर्जित कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक अनिल अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय ने वर्षों से उसे बढ़ते हुए देखा है – न केवल एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी के रूप में, बल्कि एक आत्मविश्वासी, जिम्मेदार और दृढ़ निश्चयी युवा के रूप में भी। उसका समर्पण, उसकी लगन और उसकी प्रतिबद्धता वास्तव में सराहनीय है, एवं उसी मेहनत और लगन का यह परिणाम है।
सेंट जोसेफ विद्यालय समूह की संस्थापक अध्यक्ष डॉक्टर पुष्पलता अग्रवाल, प्रबंध तंत्र एवं विद्यालय प्रशासन ने प्रिशा की इस उपलब्धि पर बधाई दी।
उन्होंने कहा कि हम सबका यह मानना है कि बहुत जल्दी ही भारतीय क्रिकेट टीम मे सेलेक्ट होगी और उसे क्रिकेट के इस सफर में निरंतर सफलता प्राप्त होगी, हम उसके बेहतर भविष्य की कामना करते हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि वह अपने परिवार, अपने प्रशिक्षकों और अपने विद्यालय को इसी प्रकार गौरवान्वित करती रहेगी।
ऑलराउंडर लेफ्ट आर्म ऑफ स्पिन एवं लेफ्ट हैंड बैट्समैन प्रिशा अंडर 19 उत्तर प्रदेश की टीम की तरफ से पहले मुंबई, फिर नागपुर में अपने मैच खेलेगी।
15 नवंबर, 2026 स्थानीय केडी सिंह बाबू स्टेडियम में सेंट जोसेफ समूह द्वारा आयोजित की जाने वाली नीरू मेमोरियल एनुअल स्पोर्ट्स मीट में प्रिशा गुप्ता एवं उनके माता पिता को उद्घाटन समारोह में नीरू मेमोरियल खेल रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
ये भी पढ़ें : पहले साथी, अब प्रतिद्वंद्वी, एपीएल में आमने-सामने होंगे भारतीय तीरंदाज













