लखनऊ। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में 30 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में चौक स्टेडियम, लखनऊ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक सहित कुल पांच पदक अपने नाम किए।
चौक स्टेडियम के तीन खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर आगामी राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है।
चैंपियनशिप में वोमिका पटेल ने अंडर-16 वर्ग, आलिया ने अंडर-18 वर्ग और अनिका गुप्ता ने अंडर-20 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर स्टेडियम का नाम रोशन किया। वहीं विवान गुप्ता ने अंडर-18 वर्ग में रजत पदक और जिकरा ने अंडर-22 वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता के समापन पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अतुल सिन्हा, चौक स्टेडियम के प्रभारी एवं प्रशिक्षकों ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भी प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
चौक स्टेडियम के ताइक्वांडो प्रशिक्षक विकास यादव ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और नियमित प्रशिक्षण के दम पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी अब आगामी राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।













