लखनऊ। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण को लेकर बड़ा फैसला लिया है। पहली बार यह लीग दो शहरों लखनऊ और कानपुर में आयोजित की जाएगी। लीग का आयोजन 14 अगस्त से 6 सितंबर तक होगा, जिसमें कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे।
रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि उद्घाटन समारोह सहित 22 लीग मैच 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
इसके बाद 28 अगस्त से 6 सितंबर तक कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में शेष लीग मुकाबले, प्लेऑफ और फाइनल आयोजित होंगे। 27 अगस्त को विश्राम दिवस रखा गया है।
लगभग 24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 34 मैच होंगे, जिनमें 13 डबल हेडर और आठ सिंगल हेडर मुकाबले शामिल हैं। भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना लगातार चौथे वर्ष लीग के ब्रांड एंबेसडर बने रहेंगे।
प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि तीन करोड़ रुपये रखी गई है। विजेता टीम को एक करोड़ रुपये और उपविजेता को 60 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
डॉ. कपूर ने बताया कि लीग का मिनी ऑक्शन 24 जुलाई को आगरा के होटल ताज में आयोजित किया जाएगा। सभी छह फ्रेंचाइजी अपने-अपने 18 सदस्यीय दल को अंतिम रूप देंगी। इसके लिए कुल 45 खिलाड़ियों की जगह खाली है।
उन्होंने बताया कि काशी रुद्रास, गोरखपुर लॉयंस, लखनऊ फाल्कंस और मेरठ मेवरिक्स ने 12-12 खिलाड़ियों को रिटेन किया है, जबकि कानपुर सुपरस्टार्स ने सात और नोएडा सुपर किंग्स ने आठ खिलाड़ियों को बरकरार रखा है।
उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक दर्शकों को स्टेडियम तक आकर्षित करने के लिए टिकट की शुरुआती कीमत 100 रुपये रखी गई है। इकाना स्टेडियम में लगभग 50 हजार और ग्रीन पार्क स्टेडियम में करीब 20 हजार दर्शक मैचों का आनंद ले सकेंगे।
ये भी पढ़ें : ग्रीन पार्क स्टेडियम का निरीक्षण, यूपी टी-20 लीग की तैयारियों का जायजा
ये भी पढ़ें : कानपुर में फिर जमेगा क्रिकेट का रंग, यूपी टी-20 लीग की वापसी
ये भी पढ़ें : काशी रुद्रास ने फिर मचाई धूम, दूसरी बार जीता यूपी टी-20 लीग खिताब
डॉ. कपूर ने कहा कि इस बार लीग को सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा गया है। पर्यावरण संरक्षण के तहत एक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत लीग में लगने वाले प्रत्येक चौके और छक्के के बराबर संख्या में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में पौधे लगाए जाएंगे।
प्रेसवार्ता में यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला, यूपी टी-20 लीग काउंसिल के सदस्य संजीव सिंह तथा मीडिया मैनेजर अहमद अली खान तालिब भी उपस्थित रहे।












