अभिनेता यश की ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन अप्स’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह और दीवानगी देखने को मिली, लेकिन हर किसी के मन में एक ही सवाल था—क्या यह फिल्म भी ‘केजीएफ’ जैसी गैंगस्टर ड्रामा होगी? अब खुद यश ने इस पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
अपने पहले इंटरव्यू में फिल्म के विज़न के बारे में बात करते हुए उन्होंने साफ किया कि यह कोई साधारण एक्शन फिल्म नहीं है। यश के इस बयान के बाद फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता और भी ज्यादा बढ़ गई है।
एक बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, ‘टॉक्सिक’ एक बेहद महत्वाकांक्षी फिल्म है। पहली बार हमने इस फिल्म को अंग्रेज़ी में भी शूट किया है। इसका कॉन्सेप्ट बहुत लेयर्ड है। मैं फिर से कहना चाहूंगा कि यह कोई पुरानी और घिसी-पिटी एक्शन-गैंगस्टर कहानी नहीं है।
देखने में यह भले ही कई एक्शन सीन्स वाली गैंगस्टर फिल्म लगे, लेकिन इसमें गहरी मनोवैज्ञानिक परतें हैं। इसमें मानव जीवन के कई ऐसे रोचक पहलू हैं जिनसे दर्शक खुद को जुड़ा हुआ महसूस करेंगे।”
यश ने फिल्म की निर्देशक गीतू मोहनदास की भी जमकर तारीफ करते हुए कहा कि, “उन्होंने एक ऐसी एक्शन फिल्म तैयार की है जो मनोवैज्ञानिक विषयों की गहराई में उतरती है। एक नकारात्मक किरदार को इस तरह से पेश करना बेहद अनोखा और रोमांचक है।
दुनिया के बेहतरीन तकनीशियनों के साथ मिलकर उन्होंने गैंगस्टर फिल्म को एक बिल्कुल नया दृष्टिकोण दिया है और मुझे इसमें काम करके बहुत मज़ा आया। यह फिल्म दर्शकों के लिए विज़ुअल ट्रीट होने के साथ-साथ उनके मनोविज्ञान पर गहरा असर डालने वाली होगी।”
बता दें कि सिनेमाकॉन 2026 में सुपरस्टार यश और निर्माता नमित मल्होत्रा ने अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने अपनी महाकाव्य फिल्म ‘रामायण’ को पेश किया। इसी महीने की शुरुआत में भगवान राम की पहली झलक के अनावरण के बाद यह इस फिल्म का दूसरा बड़ा अंतरराष्ट्रीय प्रचार कार्यक्रम है।
‘रामायण’ में यश रावण (लंकेश) की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि रणबीर कपूर भगवान राम, साईं पल्लवी माता सीता और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में होंगे। यश ने कई कन्नड़ हिट फिल्में दी हैं, लेकिन 2018 में रिलीज़ हुई ‘केजीएफ: चैप्टर 1’ ने उनके करियर के साथ-साथ भारतीय सिनेमा के इतिहास को भी बदल दिया।
इस फिल्म में उनके लंबे बाल, दाढ़ी और ‘एंग्री यंग मैन’ वाले स्वैग ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया। यह पहली ऐसी कन्नड़ फिल्म बनी जिसने हिंदी बेल्ट और पूरे भारत में कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। इसके बाद 2022 में आई ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर 1,200 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।
ये भी पढ़े : 19 मार्च नहीं, अब 4 जून को आएगी टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन अप्स
ये भी पढ़े : सिनेमाघरों में दो पार्ट में दस्तक देगी नितेश तिवारी निर्देशित रामायण













