मुंबई के जुहू इलाके में रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना ने केवल एक फिल्ममेकर की सुरक्षा नहीं, बल्कि पूरे फिल्म उद्योग की सेफ्टी को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
इस हमले के बाद मुंबई पुलिस के साथ-साथ रोहित शेट्टी का प्रोडक्शन हाउस भी किसी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं है. इसका सीधा असर उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग पर पड़ा है, जिसे अब अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू करने की तैयारी हो रही है.
सूत्रों के अनुसार, फिल्म की शूटिंग के दौरान करीब 60 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की योजना है. यह सुरक्षा व्यवस्था दो स्तरों में काम करेगी, ताकि किसी भी तरह की चूक की गुंजाइश न रहे. ‘गोलमाल 5’ का पूरा शूटिंग सेट ‘एक्सेस-कंट्रोल्ड जोन’ घोषित किया जाएगा, जहां एंट्री के नियम पहले से कहीं ज्यादा सख्त होंगे.
अब शूटिंग से जुड़े हर व्यक्ति—चाहे वह जूनियर आर्टिस्ट हो, वेंडर हो या रोजाना वेतन पाने वाला कर्मचारी—के लिए प्री-रजिस्ट्रेशन और आईडी वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है. बिना पूर्व अनुमति के स्पॉट एंट्री पूरी तरह बैन रहेगी और सेट पर आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी.
क्रिएटिव टीम के अनुसार, फिल्म की शूटिंग 15 फरवरी के आसपास शुरू होनी थी, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए अब इसकी अंतिम तारीख रोहित शेट्टी के निर्णय और पुलिस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगी.
सुरक्षा कारणों से प्रोडक्शन से जुड़ी तमाम जानकारियों को गोपनीय रखा जा रहा है. शूटिंग का समय और सटीक लोकेशन केवल उन्हीं चुनिंदा लोगों को बताई जाएगी, जिनकी वहां मौजूदगी बेहद जरूरी है. जोखिम कम करने के लिए शूटिंग साइट्स की जानकारी आखिरी समय पर साझा की जाएगी.
इस घटना का असर रोहित शेट्टी के दूसरे प्रोजेक्ट्स पर भी साफ नजर आ रहा है. जॉन अब्राहम स्टारर, पूर्व पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया की बायोपिक की शूटिंग फिलहाल रोक दी गई है. फिल्म का महज दो हफ्ते का काम बाकी है, लेकिन मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए इसके शेड्यूल पर दोबारा विचार किया जा रहा है. गौरतलब है कि रोहित शेट्टी हाल ही में ऊटी में लोकेशन रेकी कर मुंबई लौटे थे.
वहीं, फिल्म संगठनों ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है. IFTDA और AICWA जैसे संगठनों ने इसे फिल्म इंडस्ट्री में डर का माहौल बनाने की सोची-समझी साजिश करार दिया है. AICWA ने सलमान खान और सैफ अली खान को मिली धमकियों के साथ-साथ बाबा सिद्दीकी की हत्या का जिक्र करते हुए इसे एक खतरनाक और लगातार उभरते पैटर्न का हिस्सा बताया है.
फिल्म जगत ने सरकार और पुलिस प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि फिल्मकारों और कलाकारों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री बिना किसी डर और दबाव के अपना काम जारी रख सके.
ये भी पढ़े : शूटिंग खत्म, उत्साह हाई : ‘कॉकटेल 2’ की टीम ने सेलिब्रेट किया खास पल












