लखनऊ। शिया पीजी कॉलेज, लखनऊ में मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में लखनऊ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में गोल्ड मेडल हासिल करने वाले कॉलेज के छात्र-छात्राओं को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन मोहसिन रजा रहे।
समारोह की शुरुआत में ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास, शिया पीजी कॉलेज के प्रबंधक अब्बास मुर्तजा शम्सी, प्रबंध समिति के वरिष्ठ सदस्य प्रो. एसएसएच तकवी और कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एसएसआर बाकरी ने मोहसिन रजा का पुष्पगुच्छ, स्मृति-चिह्न और शॉल भेंट कर स्वागत किया।
मौलाना यासूब अब्बास ने स्वागत संबोधन में मोहसिन रजा के क्रिकेटर से राजनेता बनने तक के सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि वह लगातार समाज की बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि समुदाय में शिक्षा का स्तर बेहतर करने के प्रयास किए जा रहे हैं और लखनऊ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में गोल्ड मेडल हासिल करने वाले कॉलेज के विद्यार्थियों की संख्या भी हर वर्ष बढ़ रही है।
कॉलेज के प्रबंधक अब्बास मुर्तजा शम्सी ने कहा कि शिया पीजी कॉलेज एक बहुसांस्कृतिक शैक्षणिक संस्थान के रूप में लगातार आगे बढ़ रहा है। बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के वरिष्ठ सदस्य प्रो. एसएसएच तकवी ने कहा कि कॉलेज विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान दे रहा है।
मुख्य अतिथि मोहसिन रजा ने विद्यार्थियों से अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए शिक्षा को समाज के विकास और नेतृत्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
उन्होंने गोल्ड मेडल हासिल करने वाले विद्यार्थियों को समाज की उपलब्धि बताते हुए कहा कि ये विद्यार्थी चमकते हीरे हैं। उन्होंने कॉलेज के प्रबंधन और शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को तराशने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इसके बाद मोहसिन रजा ने लखनऊ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में गोल्ड मेडल हासिल करने वाले कॉलेज के छात्र-छात्राओं को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया।
ये भी पढ़ें : शिया पीजी कॉलेज की 108 वर्षों की विरासत को हकीम इलाही ने सराहा
मलेशिया में हुई अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाले छात्र को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा एनसीसी के नेवल और आर्मी विंग के उन कैडेट को भी स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए, जिन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर बेस्ट कैडेट अवार्ड हासिल किए थे।
समारोह में कॉलेज प्रबंधन के साथ विभिन्न संकायों के वरिष्ठ सदस्य, शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इनमें निदेशक सेल्फ फाइनेंस प्रो. एमएम अबु तय्यब, विधि संकायाध्यक्ष प्रो. सै. सादिक हुसैन आबिदी, प्रो. टीएस नकवी, विज्ञान संकाय प्रभारी प्रो. शुजात हुसैन,
प्रो. एसएम हसनैन, विधि संकाय स्ववित्तपोषित के कोऑर्डिनेटर प्रो. प्रदीप शर्मा, एससीडीआरसी के निदेशक प्रो. बीबी श्रीवास्तव, एमएससी भौतिकी के कोऑर्डिनेटर और डॉ. मीसम मुबारक सहित अन्य लोग शामिल रहे। अंत में कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एसएसआर बाकरी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।













